किशनगंज में मानसून मेहरबान, सामान्य से 79% अधिक बारिश : ठाकुरगंज में 43.8 मिमी वर्षा दर्ज

रिपोर्ट
Kishanganj IMD Report: किशनगंज में मानसून पूरी तरह सक्रिय है. जिले में सामान्य से 79 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है. ठाकुरगंज में 43.8 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई, जिससे किसानों को राहत मिली, जबकि निचले इलाकों में जलभराव की समस्या बढ़ने लगी है.
ठाकुरगंज से बच्छराज नखत की रिपोर्ट:
Kishanganj IMD Report: किशनगंज जिले में इस बार मानसून पूरी तरह मेहरबान नजर आ रहा है. मौसम विज्ञान केंद्र, पटना द्वारा 29 जून 2026 को सुबह 8:30 बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार जिले में औसतन 32.7 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य से 79 प्रतिशत अधिक है. राज्य के उन चुनिंदा जिलों में किशनगंज शामिल है, जहां मानसून सामान्य से कहीं अधिक सक्रिय बना हुआ है.
मुख्य जानकारी
कई प्रखंडों में हुई जोरदार बारिश
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार टेढ़ागाछ में सबसे अधिक 47.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई. इसके अलावा ठाकुरगंज में 43.8 मिमी तथा पोठिया में 42.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. लगातार हो रही वर्षा से जिलेभर के खेत-खलिहानों में हरियाली लौट आई है.
किसानों के लिए वरदान साबित हो रही बारिश
अच्छी बारिश से धान की रोपनी ने रफ्तार पकड़ ली है. खेतों में पर्याप्त पानी जमा होने से किसान खेती-किसानी के कार्य में जुट गए हैं. कृषि विशेषज्ञों के अनुसार समय पर हुई बारिश खरीफ फसलों के लिए काफी लाभदायक मानी जा रही है.
राहत के साथ बढ़ी चुनौती
लगातार हो रही बारिश के कारण जिले के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने लगी है. ग्रामीण सड़कों पर आवागमन प्रभावित हो रहा है, जबकि छोटी नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर भी बढ़ने लगा है. यदि अगले कुछ दिनों तक इसी तरह वर्षा जारी रही तो कुछ क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बनने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता.
पूरे बिहार से अलग दिख रहा किशनगंज
जहां एक ओर बिहार के अधिकांश जिले अब भी सामान्य से 47 प्रतिशत कम वर्षा की स्थिति का सामना कर रहे हैं, वहीं किशनगंज में सामान्य से 79 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है. इससे जिले की तस्वीर राज्य के अन्य हिस्सों से अलग दिखाई दे रही है.
अगले कुछ दिनों तक बारिश के आसार
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी जिले में रुक-रुक कर मध्यम से भारी वर्षा होने की संभावना जताई है. प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर रखने, जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने और अनावश्यक जोखिम से बचने की अपील की है.
और पढ़ें: किशनगंज के समेसर पंचायत में श्मशान घाट नहीं, अंतिम संस्कार के लिए जूझ रहे ग्रामीण
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Shruti Kumari
श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










