बालाजी मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव की धूम

Updated:
विज्ञापन

बालाजी मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव की धूम

विज्ञापन

42वें साल में प्रवेश कर चुका है आयोजन, सवामणी व महाभंडारे में हजारों ने लिया हिस्सा

पोठिया. छत्तरगाछ स्थित प्रसिद्ध बालाजी मंदिर परिसर में मंगलवार को हनुमान जयंती श्रद्धा, भक्ति व उत्साह के साथ धूमधाम से मनायी गयी. इस अवसर पर मंदिर में सुंदरकांड का पाठ, भजन-कीर्तन व विधिवत पूजा-अर्चना की गयी. बजरंगबली को विशेष चोला चढ़ाकर महाआरती उतारी गयी, जिसमें बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया. छत्तरगाछ के धर्मप्रेमी लोगों ने राम भक्त हनुमान की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनायी. भक्तों के बीच हलुआ-पूड़ी, सब्जी और बुनिया का प्रसाद वितरित किया गया. पूरे मंदिर परिसर में ”जय श्री राम” और ”बजरंगबली की जय” के जयकारों से माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा. मंदिर समिति के सदस्य दीनानाथ एवं सुरेश प्रसाद गुप्ता उर्फ मुन्ना ने बताया कि इस वर्ष बालाजी मंदिर प्रांगण में 42वां हनुमान जन्मोत्सव मनाया जा रहा है. यह मंदिर क्षेत्र के लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां बिहार, पश्चिम बंगाल, असम सहित देश-विदेश के विभिन्न हिस्सों से लोग पहुंचते हैं. श्रद्धालुओं का विश्वास है कि यहां सच्चे मन से मांगी गयी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं. समिति ने जानकारी दी कि मंदिर में सवामणी देने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है और अब तक लगभग 100 श्रद्धालु सवामणी अर्पित कर चुके हैं. किशनगंज, सिलीगुड़ी, सहरसा, मुंबई, ईटानगर और गुवाहाटी जैसे शहरों से भी भक्त यहां सहयोग और दर्शन के लिए पहुंचते हैं.विशाल भंडारे का आयोजन

हवन-यज्ञ के उपरांत हनुमान जी को भोग लगाकर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया. मंदिर परिसर को आकर्षक फूल-मालाओं से सजाया गया था. पूरे दिन भजन-कीर्तन एवं प्रवचन का दौर चलता रहा, जो देर शाम तक जारी रहा. समिति के सदस्यों ने मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए समाज के सभी वर्गों से सहयोग की अपील भी की.सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम

कार्यक्रम के दौरान विधि-व्यवस्था बनाये रखने में छत्तरगाछ पुलिस कैंप प्रभारी राम बहादुर शर्मा ने अपने दलबल के साथ सराहनीय भूमिका निभायी. इस अवसर पर किशनगंज के प्रसिद्ध उद्योगपति ललित मित्तल, मंदिर समिति के संचालक राम जीवन अग्रवाल, देवा राम चौधरी, दीनानाथ, बृज मोहन अग्रवाल, नंद किशोर अग्रवाल, गोवर्धन अग्रवाल, ललित अग्रवाल, सुरेश प्रसाद गुप्ता उर्फ मुन्ना, नौगेन लाल रॉय सहित अन्य समिति सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.

विज्ञापन
अवधेश कुमार

लेखक के बारे में

By अवधेश कुमार

अवधेश कुमार विगत 25 वर्षों से पत्रकारिता से जुड़े हुए हैं. इन्होंने बतौर पत्रकार अपने कैरियर की शुरूआत वर्ष 2001 से की. उसके बाद विगत 15 वर्षो से प्रभात खबर, किशनगंज के कार्यालय प्रभारी के रूप में कार्यरत हैं. इनकी रूचि राजनीतिक, सामाजिक व अपराध से जुड़ी खबरों में है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन