बिना प्रमाणन राजनीतिक समाचार नहीं करें प्रकाशित: डीएम

फेक न्यूज को लेकर विशेष सावधानी बरतें का निर्देश
फेक न्यूज को लेकर विशेष सावधानी बरतें का निर्देश किसी राजनीतिक दल या प्रत्याशी के पक्ष में प्रचारात्मक समाचार आचार संहिता का उल्लंघन किशनगंज बिहार विधानसभा आम निर्वाचन को लेकर बुधवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म बैठक हुई. बैठक जिला पदाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी विशाल राज की अध्यक्षता में जिले के विभिन्न डिजिटल मीडिया प्रतिनिधियों के साथ हुई. बैठक में पेड न्यूज, फेक न्यूज, आदर्श आचार संहिता एवं सोशल मीडिया की भूमिका जैसे विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई. बैठक की शुरुआत में मीडिया कोषांग के नोडल पदाधिकारी कुंदन कुमार सिंह ने सभी डिजिटल मीडिया कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर प्रकाशित प्रत्येक समाचार सामग्री के सत्यापन की जिम्मेदारी संबंधित प्रकाशक की होती है. उन्होंने सभी से अपील की कि किसी भी समाचार को प्रकाशित करने से पूर्व उसकी सत्यता की पूरी जांच अवश्य कर लें तथा फेक न्यूज से संबंधित मामलों में विशेष सावधानी और संवेदनशीलता बरतें. एमसीएमसी के नोडल पदाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी राजनीतिक दल या प्रत्याशी के पक्ष में प्रचारात्मक समाचार या सामग्री का प्रसारण करना आचार संहिता का उल्लंघन माना जाएगा. इस अवसर पर एमसीएमसी कोषांग के नोडल पदाधिकारी ने बताया कि बिना एमसीएमसी सर्टिफिकेशन के कोई भी सोशल मीडिया चैनल या पोर्टल किसी राजनीतिक विज्ञापन का प्रसारण नहीं करेगा. उन्होंने पेड न्यूज और फेक न्यूज के बीच अंतर को विस्तार से समझाया तथा सभी प्रतिनिधियों से अनुरोध किया कि खबरों को साझा करने से पूर्व तथ्यों का पूर्ण सत्यापन करें. अपने संबोधन में जिला पदाधिकारी विशाल राज ने कहा कि सोशल मीडिया आज सूचना प्रसारण का सबसे संवेदनशील माध्यम बन चुका है, जहां कोई भी खबर कुछ ही क्षणों में वायरल हो सकती है. उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा सभी सोशल मीडिया प्लेटफार्म की सतत मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनी रहे. जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि किसी भी राजनीतिक दल या प्रत्याशी से संबंधित प्रचार, विज्ञापन या समाचार केवल एमसीएमसी से प्रमाणन प्राप्त करने के बाद ही प्रकाशित या प्रसारित किए जाएं. उन्होंने कहा कि यदि किसी को पेड न्यूज अथवा फेक न्यूज से संबंधित कोई शंका हो तो एमसीएमसी कोषांग के नोडल पदाधिकारी से संपर्क कर स्पष्टीकरण प्राप्त करें और बिना प्रमाणन के कोई भी राजनीतिक समाचार प्रकाशित न करें. जिलाधिकारी ने डिजिटल मीडिया प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि उनकी ग्राउंड रिपोर्टिंग निष्पक्ष, तथ्यपरक एवं जनहितमुखी होनी चाहिए. बैठक में एमसीएमसी कोषांग के पदाधिकारी/कर्मीगण, मीडिया कोषांग के सदस्य तथा जिले के विभिन्न डिजिटल मीडिया पत्रकार एवं सोशल मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




