टेढ़ागाछ में मुख्यमंत्री सड़क हुई जर्जर, मेंटेनेंस अवधि के बावजूद मरम्मत नहीं होने से ग्रामीण नाराज

बदहाल सड़क.
Road Repair Demand : किशनगंज के टेढ़ागाछ में मुख्यमंत्री सड़क जर्जर होने से लोग परेशान हैं. दो हादसों के बाद भी विभाग मरम्मत को लेकर गंभीर नहीं है. ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग की.
Road Repair Demand : टेढ़ागाछ प्रखंड अंतर्गत बैगना पंचायत के वार्ड संख्या 5 स्थित खाड़ी टोला में मुख्यमंत्री सड़क टी-02 (मियाँपुर मार्ग) की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है. स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की मेंटेनेंस अवधि अभी समाप्त भी नहीं हुई है, इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से मरम्मत कार्य नहीं कराया जा रहा है.
कई बार शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई
ग्रामीण तसव्वर राही ने बताया कि सड़क की जर्जर स्थिति की जानकारी कई बार विभागीय अधिकारियों को फोन के माध्यम से दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. उनका आरोप है कि शिकायतों के बावजूद विभाग समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहा है.
गड्ढों और जलजमाव से बढ़ी परेशानी
ग्रामीणों के अनुसार सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं. हल्की बारिश होते ही इन गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे सड़क पर चलना मुश्किल हो जाता है. इसका सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों, मरीजों और रोजाना आवागमन करने वाले लोगों पर पड़ रहा है.
दो बड़े हादसों के बाद भी नहीं जागा विभाग
स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी सड़क पर अब तक दो बड़े हादसे हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद सड़क की मरम्मत के लिए कोई प्रभावी पहल नहीं की गई. ग्रामीणों का मानना है कि यदि जल्द मरम्मत नहीं हुई तो भविष्य में और गंभीर दुर्घटनाएं हो सकती हैं.
डीएम से जांच और कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने जिला पदाधिकारी से मामले की जांच कराने, संबंधित अधिकारियों एवं संवेदक के खिलाफ उचित कार्रवाई करने तथा सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है. उनका कहना है कि समय रहते सड़क दुरुस्त कर दी जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By गौरव कुमार
गौरव कुमार प्रिंट माध्यम में 20 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










