ठंड के मौसम में बदलती जीवनशैली बन रही डायबिटीज का बड़ा कारण

Published by : AWADHESH KUMAR Updated At : 01 Feb 2026 6:59 PM

विज्ञापन

धूप में निकलना घट जाता है और भोजन में तली-भुनी व अधिक कैलोरी युक्त चीजों का सेवन बढ़ जाता है.

विज्ञापन

-संतुलित खानपान, नियमित जांच और अनुशासित दिनचर्या से संभव है प्रभावी नियंत्रण

किशनगंज

वर्तमान समय में बदलते खानपान और जीवनशैली के कारण डायबिटीज एक गंभीर और तेजी से फैलती बीमारी के रूप में उभर रही है. यह अब केवल बुजुर्गों तक सीमित नहीं रही, बल्कि युवा वर्ग और यहां तक कि बच्चे भी इसकी चपेट में आ रहे हैं. विशेषकर ठंड के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो जाती है, जब लोग शारीरिक गतिविधि कम कर देते हैं, धूप में निकलना घट जाता है और भोजन में तली-भुनी व अधिक कैलोरी युक्त चीजों का सेवन बढ़ जाता है. विशेषज्ञों का मानना है कि यदि ब्लड शुगर लेवल लंबे समय तक अनियंत्रित रहे तो यह आंखों, किडनी, हृदय, स्नायु तंत्र और मस्तिष्क से जुड़ी गंभीर बीमारियों की वजह बन सकता है.

ठंड में बढ़ जाती है लापरवाही, बढ़ता है खतरा

ठंड के मौसम में सुस्ती और आराम की प्रवृत्ति बढ़ जाती है. लोग सुबह की सैर और व्यायाम से दूरी बना लेते हैं, जिससे शरीर की इंसुलिन संवेदनशीलता प्रभावित होती है. सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने बताया कि सर्दी के दिनों में डायबिटीज रोगियों को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता होती है. ठंड के कारण शरीर की ऊर्जा खपत कम हो जाती है, लेकिन भोजन की मात्रा बढ़ जाने से ब्लड शुगर तेजी से बढ़ सकता है. ऐसे में नियमित जांच और जीवनशैली में संतुलन बेहद जरूरी है.

संतुलित खानपान और अनुशासित दिनचर्या है सबसे प्रभावी उपाय

डॉ. राज कुमार चौधरी के अनुसार डायबिटीज से बचाव और नियंत्रण का सबसे मजबूत आधार अनुशासित जीवनशैली है. मधुमेह रोगियों को भोजन का समय टालना नहीं चाहिए और लंबे अंतराल तक भूखा नहीं रहना चाहिए. सामान्य रूप से दिन में तीन से चार बार हल्का और पौष्टिक भोजन करना लाभकारी होता है. उन्होंने बताया कि सुबह का नाश्ता सूर्योदय के बाद जल्द से जल्द कर लेना चाहिए. नाश्ते में दलिया, खिचड़ी, अंकुरित अनाज, दूध, मौसमी फल और हरी सब्जियों को शामिल करना चाहिए. ठंड के मौसम में मीठे, मैदे से बने खाद्य पदार्थों और अधिक वसा युक्त भोजन से परहेज करना जरूरी है.

विज्ञापन
AWADHESH KUMAR

लेखक के बारे में

By AWADHESH KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन