bihar election 2025: मताधिकार है वोटर का अधिकार व लोकतांत्रिक कर्तव्य: डीएम

आगामी बिहार विधान सभा आम निर्वाचन 2025 को ले जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह- जिला पदाधिकारी विशाल राज के मार्गदर्शन में bihar election 2025:सोमवार को मतदाता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया
जिला प्रशासन किशनगंज द्वारा आयोजित मतदाता जागरूकता रैली लोकतंत्र के पर्व को सफल बनाने का संकल्प*
किशनगंज आगामी बिहार विधान सभा आम निर्वाचन 2025 को ले जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह- जिला पदाधिकारी विशाल राज के मार्गदर्शन में सोमवार को मतदाता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया. यह रैली स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य जनसाधारण, विशेषकर युवा मतदाताओं में मतदान के प्रति जागरूकता एवं उत्साह का संचार करना था.इस रैली में स्थानीय इंटर हाई स्कूल के लगभग 200 स्काउट एवं गाइड के बालक-बालिकाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया. हाथों में तिरंगा झंडा, मतदाता जागरूकता के नारे और वोट करेंगे – 11 नवंबर 2025 के उद्घोष के साथ पूरे नगर का माहौल लोकतांत्रिक चेतना से गूंज उठा. रैली की शुरुआत डीएम विशाल राज द्वारा हरी झंडी दिखाकर की गई. उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि मतदान केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि यह हर नागरिक का लोकतांत्रिक कर्तव्य भी है. किशनगंज जैसे विविधतापूर्ण जिले में युवाओं, विशेषकर स्कूली बच्चों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है क्योंकि वे घर-घर तक संदेश पहुँचाने का कार्य कर सकते हैं. बच्चों की ऊर्जा और उनके द्वारा तैयार किए गए आकर्षक नारे एवं बैनरों की प्रशंसा की. इस अवसर पर अपर समाहर्ता अमरेन्द्र कुमार पंकज उपस्थित थे. उन्होंने कहा कि किशनगंज जिला प्रशासन का लक्ष्य इस बार मिशन 75 हर मतदाता तक पहुंच है. नोडल पदाधिकारी, स्वीप कोषांग आलोक कुमार भारती ने बताया कि यह रैली युवाओं के माध्यम से मतदाता जागरूकता के सबसे प्रभावी अभियानों में से एक है. उन्होंने स्काउट एवं गाइड टीम की भूमिका को सराहा.
स्काउट व गाइड संगठन की सहभागिता
इस अवसर पर स्काउट एवं गाइड के जिला स्तर के अधिकारीगण भी उपस्थित थे, जिन्होंने अपने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया. उन्होंने कहा कि किशनगंज के बच्चे हमेशा समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित रहे हैं और मतदान के प्रति जनजागरण में उनकी भागीदारी प्रेरणादायक है. रैली में शामिल बच्चों ने मेरा वोट मेरा अधिकार “, बूथ तक जाएँगे, वोट ज़रूर डालेंगे “, पहले मतदान – फिर जलपान ” जैसे नारे लगाते हुए पूरे नगर में जनजागृति फैलाई.रैली का मार्ग व जनसंपर्क
रैली का शुभारंभ इंटर हाई स्कूल परिसर से हुआ, जो मुख्य मार्ग, समाहरणालय रोड, गांधी चौक होते हुए पुनः विद्यालय परिसर पर समाप्त हुई. पूरे मार्ग पर स्थानीय नागरिकों, दुकानदारों एवं अभिभावकों ने बच्चों का स्वागत किया और मतदान दिवस पर अपने परिवार सहित मतदान करने का संकल्प लिया. रैली में मतदाता जागरूकता से संबंधित बैनर, पोस्टर, स्लोगन कार्ड, और झांकियाँ विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं. इस अवसर पर यह भी बताया गया कि वरिष्ठ नागरिकों (85 वर्ष से अधिक आयु) एवं दिव्यांग मतदाताओं के लिए घर-घर जाकर मतदान की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि कोई भी मतदाता मतदान से वंचित न रहे.एडीएम ने कहा कि यह रैली केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक आंदोलन का रूप है, जो 11 नवम्बर 2025 तक लगातार विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों, पंचायतों, एवं शहरी वार्डों में चलाया जाएगा. नोडल स्वीप कोषांग आलोक कुमार भारती ने बताया कि आने वाले दिनों में चुनाव पाठशालाएं, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं, मॉक पोलिंग डेमो, एवं विशेष जागरूकता अभियान आयोजित किए जाएंगे, जिनमें युवाओं, महिलाओं, दिव्यांगजनों एवं प्रथम बार मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी.
जनभागीदारी का आह्वान
रैली के समापन पर जिलाधिकारी ने सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों, एवं स्काउट-गाइड सदस्यों को धन्यवाद देते हुए कहा जिले का हर नागरिक इस लोकतांत्रिक पर्व में भागीदार बने. आपकी एक वोट न केवल सरकार बनाती है, बल्कि विकास की दिशा भी तय करती है. उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन की ओर से सभी बूथों को “पीडब्लू फ्रेंडली ” बनाया जा रहा है, और प्रत्येक मतदान केंद्र पर सुविधा संपन्न वातावरण उपलब्ध रहेगा.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




