Kishanganj, अमृत भारत एक्सप्रेस का ठाकुरगंज में हुआ ऐतिहासिक स्वागत

Updated:
विज्ञापन
Kishanganj, अमृत भारत एक्सप्रेस का ठाकुरगंज में हुआ ऐतिहासिक स्वागत

अमृत भारत एक्सप्रेस का ठाकुरगंज में हुआ ऐतिहासिक स्वागत

विज्ञापन

ठाकुरगंज ( किशनगंज ) से बच्छराज नखत की रिपोर्ट,

ठाकुरगंज-अररिया नए रेलखंड होकर चलने वाली पहली लंबी दूरी की ट्रेन अमृत भारत एक्सप्रेस का शनिवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे ठाकुरगंज स्टेशन पहुंचने पर ऐतिहासिक स्वागत किया गया. ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचते ही लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था. बड़ी संख्या में मौजूद यात्रियों, रेल प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों ने इस खास पल को जश्न के रूप में मनाया. एनजीपी से अमृतशर के बीच चलने वाली ट्रेन अमृत भारत एक्सप्रेस शनिवार को सुबह 8 बजे एनजीपी से खुली थी . नियत समय से 20 मिनट विलम्ब ठाकुरगंज पहुंची इस ट्रेन के आने से लोगो का उत्साह चरम पर था . ट्रेन के रुकते ही लोगों ने लोको पायलट और सहायक चालक को माला पहनाकर, तिलक लगाकर तथा मिठाई खिलाकर उनका अभिनंदन किया. पूरे स्टेशन परिसर में तालियों और नारों की गूंज सुनाई दी. भगवा-धूसर (ऑरेंज-ग्रे) रंग की आधुनिक अमृत भारत एक्सप्रेस को देखने के लिए सुबह से ही स्टेशन पर लोगों की भीड़ उमड़ी हुई थी. ठाकुरगंज रेल यात्री समिति के संयोजक सह मुख्य पार्षद सिकंदर पटेल एवं समिति के उपाध्यक्ष सह वार्ड पार्षद अमित सिन्हा ने इंजन के पास पहुंचकर चालकों का स्वागत किया. चालकों ने भी हाथ हिलाकर लोगों के प्यार और सम्मान का अभिवादन स्वीकार किया.

कम किराए में आधुनिक सुविधाएं :

स्थानीय लोगों ने कहा कि अमृत भारत एक्सप्रेस आम यात्रियों के लिए किसी सौगात से कम नहीं है. पूरी तरह गैर-वातानुकूलित (नॉन-एसी) होने के बावजूद ट्रेन में आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं. प्रत्येक सीट पर मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, मोबाइल होल्डर, आरामदायक गद्देदार सीटें तथा वैक्यूम आधारित बायो-टॉयलेट जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं, जो आमतौर पर प्रीमियम ट्रेनों में देखने को मिलती हैं.

पुश-पुल तकनीक से तेज और समय की बचत :

रेलवे अधिकारियों के अनुसार अमृत भारत एक्सप्रेस की सबसे बड़ी विशेषता इसकी ‘पुश-पुल’ तकनीक है. ट्रेन के आगे और पीछे दोनों ओर शक्तिशाली इंजन लगाए गए हैं, जिससे ट्रेन कम समय में गति पकड़ती है और ब्रेकिंग भी बेहतर होती है. यह ट्रेन 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने में सक्षम है. इससे यात्रियों का समय बचेगा और कम बजट में सफर करने वाले लोगों को आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा.

लोगों ने जताया प्रधानमंत्री का आभार :

इस अवसर पर लोगों ने प्रधानमंत्री Narendra Modi के प्रति आभार जताते हुए कहा कि सीमांचल को उत्तर भारत से सीधे जोड़ने वाली इस ट्रेन के परिचालन से क्षेत्र के लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी.कार्यक्रम में वार्ड पार्षद दिलीप सिंह, सजन कुमार, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि मनोज कुमार, खलिक अंसारी, राजेश करनानी, शिव शंकर महतो , मनमोहन साह , जनश्रुती सहित कई लोग मौजूद थे.

विज्ञापन
Manish Kumar

लेखक के बारे में

By Manish Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन