जवाहर नवोदय विद्यालय में सजी विज्ञान प्रदर्शनी, शुमायल व रेयान का ‘स्मार्ट सिटी’ प्रोजेक्ट अव्वल

Published by : AWADHESH KUMAR Updated At : 04 Feb 2026 7:08 PM

विज्ञापन

जवाहर नवोदय विद्यालय में सजी विज्ञान प्रदर्शनी

विज्ञापन

कनिष्ठ वर्ग के बच्चों ने दिखाए आधुनिक विज्ञान के मॉडल, विशेषज्ञों ने परखी प्रतिभा

किशनगंज. पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, मोतिहारा में बुधवार को कनिष्ठ वर्ग (जूनियर ग्रुप) के बच्चों के लिए विद्यालय स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया. विज्ञान शिक्षिका सविता सिंह के निर्देशन में आयोजित इस प्रदर्शनी में विभिन्न समूहों के छात्रों ने आधुनिक तकनीक व वैज्ञानिक सिद्धांतों पर आधारित शानदार मॉडल प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया.

विशेषज्ञों ने परखी बच्चों की वैज्ञानिक सोच

प्रदर्शनी में निर्णायक मंडल के रूप में मत्स्य विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर (बायो टेक्नोलॉजी) डॉ ममता सिंह एवं वेटनरी कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर ठाकुर केएस राव उपस्थित थे. निर्णायकों ने प्रत्येक स्टॉल पर जाकर बच्चों से उनके मॉडल की कार्यप्रणाली और समाज में उसकी उपयोगिता से संबंधित तीखे प्रश्न किए. बच्चों ने भी पूरे आत्मविश्वास के साथ अपने प्रोजेक्ट्स की व्याख्या की.

स्मार्ट सिटी व रेन डिटेक्टर ने मारी बाजी

प्रतियोगिता के परिणामों में कक्षा सातवीं के शुमायल यज़दानी एवं रेयान के ”स्मार्ट सिटी” प्रोजेक्ट को उत्कृष्ट बताते हुए प्रथम पुरस्कार से नवाजा गया. वहीं, कक्षा सातवीं के ही रुद्र और राज रंजन अपने ”रेन डिटेक्टर” प्रोजेक्ट के लिए दूसरे स्थान पर रहे. तीसरा स्थान दिलनशी व अनुप्रिया ने हासिल किया, जिन्होंने ”एसिड और बेस” विषय पर बेहतरीन वैज्ञानिक प्रयोग प्रदर्शित किया था.

वैज्ञानिक रुझान से बनेगा आत्मनिर्भर भारत : प्राचार्य

इस अवसर पर प्राचार्य मो मेराज आलम ने विज्ञान शिक्षिका सविता सिंह के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में खोजी प्रवृत्ति व विज्ञान के प्रति रुचि पैदा होती है. उन्होंने कहा कि यदि बच्चों की वैज्ञानिक सोच को शुरुआती दौर में ही सही दिशा मिले, तो भारत भविष्य में विज्ञान व तकनीकी के क्षेत्र में विश्व के अग्रणी देशों की कतार में सबसे आगे खड़ा होगा.

विज्ञापन
AWADHESH KUMAR

लेखक के बारे में

By AWADHESH KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन