अलौली मनरेगा के पीओ और सहायक एकाउंटेंट 40 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार, निगरानी ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई
प्रखंड मुख्यालय | Prabhat Khabar Network
अलौली प्रखंड में मनरेगा से जुड़े एक बड़े रिश्वतखोरी मामले का खुलासा हुआ है। कार्यक्रम पदाधिकारी (PO) रमन जी भाई और सहायक एकाउंटेंट साहिल अकरम को 40 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
Khagaria Vigilance Raid: खगड़िया जिले के अलौली प्रखंड में मंगलवार दोपहर निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने मनरेगा से जुड़े एक कथित रिश्वतखोरी मामले का खुलासा करते हुए कार्यक्रम पदाधिकारी (पीओ) रमन जी भाई और सहायक एकाउंटेंट साहिल अकरम को 40 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया. इस कार्रवाई से प्रखंड कार्यालय में हड़कंप मच गया.
मनरेगा फाइल आगे बढ़ाने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप
जानकारी के अनुसार मनरेगा से संबंधित फाइलों को आगे बढ़ाने तथा मस्टर रोल क्लियर करने के बदले रिश्वत मांगने की शिकायत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो को मिली थी. शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने पहले मामले का सत्यापन किया और फिर योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की.
जाल बिछाकर दोनों अधिकारियों को पकड़ा
शिकायत की पुष्टि होने के बाद निगरानी टीम ने ट्रैप की कार्रवाई की. इसी दौरान कार्यक्रम पदाधिकारी रमन जी भाई और सहायक एकाउंटेंट साहिल अकरम को कथित रूप से 40 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया.
कार्रवाई के बाद प्रखंड कार्यालय में मची हलचल
गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम दोनों आरोपित अधिकारियों को अपने साथ आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए लेकर रवाना हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही प्रखंड कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और पूरे दिन कर्मचारियों के बीच इस कार्रवाई की चर्चा होती रही.
थानाध्यक्ष ने दी जानकारी
अलौली थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने बताया कि निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने उन्हें सूचना दी है कि मनरेगा के कार्यक्रम पदाधिकारी और सहायक एकाउंटेंट को गिरफ्तार कर अपने साथ ले जाया गया है. उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जानकारी निगरानी ब्यूरो की ओर से उपलब्ध कराई जायेगी.
पूछताछ जारी, आगे की कार्रवाई में जुटी निगरानी टीम
Khagaria Vigilance Raid: बताया जा रहा है कि निगरानी अन्वेषण ब्यूरो दोनों गिरफ्तार अधिकारियों से पूछताछ कर रही है. मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए