खगड़िया के परबत्ता में 9 कट्ठा जमीन के लिए मां की हत्या का आरोप, अधजले शव मामले में दो बेटों पर केस दर्ज

Updated:
विज्ञापन

फोटो-25कैप्सन-घटना स्थल पर जांच करती पुलिस. | Prabhat Khabar Network

खगड़िया के परबत्ता में 80 वर्षीय महिला वीणा देवी की संदिग्ध मौत हत्या का मामला बन गई है. पुलिस ने संपत्ति विवाद के चलते दो बेटों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. अधजले शव की बरामदगी ने मामले को और गंभीर बना दिया है.

विज्ञापन

Khagaria News: खगड़िया के परबत्ता थाना क्षेत्र के सलारपुर गांव में 80 वर्षीय वीणा देवी की संदिग्ध मौत अब हत्या के मामले में बदल गई है. पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर मृतका के दो बेटों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस का कहना है कि घटनास्थल और शव की स्थिति से यह आशंका मजबूत हुई है कि वृद्ध महिला की पहले हत्या की गई और उसके बाद शव को आग लगाकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की गई.

मामले में शिक्षक पुत्र मनोज कुमार सिंह और संजय कुमार शास्त्री उर्फ पप्पू सिंह सहित अन्य अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद दोनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं.

रात में मिली सूचना, अधजला शव बरामद

थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने अपने आवेदन में बताया कि 2 अगस्त की रात करीब 2:45 बजे डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि सलारपुर गांव निवासी वीणा देवी के शरीर में आग लग गई है.

सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची. रात करीब 3:30 बजे पुलिस ने संजय कुमार शास्त्री के घर के बाहर दालान के नीचे काले प्लास्टिक पर पड़ा अधजला शव बरामद किया. शव की पहचान वीणा देवी के रूप में की गई.

FSL जांच में बढ़ा हत्या का संदेह

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल टीम को बुलाकर वैज्ञानिक जांच कराई.

पुलिस के अनुसार शव के अधिकांश हिस्से जले हुए थे, लेकिन कोहनी का हिस्सा पूरी तरह सुरक्षित था. जांच अधिकारियों का मानना है कि यदि किसी जीवित व्यक्ति के शरीर में आग लगती है तो शरीर के सभी हिस्से लगभग समान रूप से प्रभावित होते हैं.

इसी आधार पर पुलिस को संदेह हुआ कि महिला की पहले मौत हो चुकी थी और बाद में शव को जलाकर सबूत मिटाने का प्रयास किया गया.

9 कट्ठा जमीन का विवाद बना जांच का केंद्र

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतका के बेटों मनोज कुमार सिंह और संजय कुमार शास्त्री उर्फ पप्पू सिंह के बीच लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था.

प्रारंभिक जांच में 9 कट्ठा जमीन के विवाद को इस घटना का संभावित कारण माना जा रहा है. पुलिस इसी एंगल से मामले की गहराई से जांच कर रही है.

तीन भाइयों के बीच पहले से चल रहा था विवाद

स्थानीय लोगों के अनुसार वीणा देवी के तीन बेटे हैं. बड़े बेटे मनोज सिंह, मंझले बेटे अनुज सिंह और छोटे बेटे संजय सिंह.

बताया जा रहा है कि मंझला बेटा अनुज सिंह पहले से एक अन्य मामले में जेल में बंद है. घटना के समय घर पर मनोज और संजय मौजूद थे.

परिजनों के अनुसार वीणा देवी रात में खाना खाने के बाद सोने चली गई थीं. देर रात आग लगने की सूचना मिलने पर लोग पहुंचे और पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.

फेस और बायोमेट्रिक जांच से पहले हत्या का आरोप

छोटे बेटे संजय कुमार शास्त्री ने आरोप लगाया है कि 11 अगस्त को पटना में फेस और बायोमेट्रिक सत्यापन होना था.

उसका दावा है कि बड़े भाई ने उसे फंसाने की साजिश के तहत मां की हत्या कर दी. उसने आरोप लगाया कि विवादित जमीन के दस्तावेजों में हेराफेरी की गई थी और इसी को लेकर लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था.

संजय का कहना है कि गांव और शहर मिलाकर करीब 9 कट्ठा जमीन को लेकर तीनों भाइयों के बीच विवाद था और उसी विवाद ने यह भयावह रूप ले लिया.

Khagaria News: पुलिस की अगली कार्रवाई

परबत्ता थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि वीणा देवी हत्या मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

उन्होंने कहा कि मामले का शीघ्र उद्भेदन किया जाएगा और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

फिलहाल पूरे गांव में इस घटना को लेकर चर्चा और तनाव का माहौल बना हुआ है.

Also Read: Prashant Kishor Won Bankipur Seat: क्या प्रशांत किशोर की जीत ने जातिवाद मॉडल का किया सफाया? PK की स्ट्रैटेजी की चर्चा तेज

Also Read: प्रशांत किशोर की जीत के पीछे 3 रणनीतिकार कौन? जिनकी मदद से नितिन नवीन के किले को ढहाया



विज्ञापन
राजकिशोर सिंह

लेखक के बारे में

By राजकिशोर सिंह

राजकिशोर सिंह प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के खगड़िया कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति, राजनीति की खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन