पूर्णिया में संदिग्ध हालात में मिला युवक का शव : एक साल पहले हुई थी शादी, पत्नी आठ माह की गर्भवती

Updated:
विज्ञापन

अस्पताल में मौजूद मृतक के परिजन

पूर्णिया में काम करने वाले एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया है. युवक की शादी एक साल पहले हुई थी और उसकी पत्नी आठ माह की गर्भवती है. परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है.

विज्ञापन

पूर्णिया से विकास वर्मा की रिपोर्ट

आपके शहर में

विज्ञापन

पूर्णिया में काम करने वाले कटिहार जिले के रौतारा निवासी एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई. घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है. मृतक की पहचान रौतारा निवासी धीरज कुमार के रूप में हुई है. उनकी शादी करीब एक वर्ष पहले हुई थी और उनकी पत्नी आठ माह की गर्भवती है.

परिजनों के अनुसार धीरज कुमार 7 जुलाई को रोज की तरह काम के लिए पूर्णिया गए थे, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटे. इसके बाद परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क कर उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली.

सोशल मीडिया से मिली मौत की सूचना

अगले दिन भी परिजनों ने विभिन्न स्थानों पर खोजबीन की, लेकिन धीरज का कोई सुराग नहीं मिला. बुधवार शाम करीब चार बजे सोशल मीडिया के माध्यम से एक युवक के शव मिलने की जानकारी मिली. इसके बाद परिजन और ग्रामीण जीएमसीएच पूर्णिया पहुंचे, जहां शव की पहचान धीरज कुमार के रूप में हुई.

जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर शाम कुछ अज्ञात लोग धीरज को गंभीर हालत में जीएमसीएच पूर्णिया में भर्ती कराकर चले गए थे. इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. पहचान नहीं होने के कारण अस्पताल प्रशासन ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रख दिया था.

बचपन में माता-पिता का साया उठा, मौसा-मौसी ने पाला

परिजनों ने बताया कि धीरज कुमार के माता-पिता का निधन बचपन में ही हो गया था. इसके बाद उनके मौसा प्रदीप पासवान और मौसी पुतुल देवी ने उन्हें अपने बेटे की तरह पाल-पोसकर बड़ा किया.

आठ माह की गर्भवती है पत्नी

इस घटना ने परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है. धीरज की शादी महज एक वर्ष पहले हुई थी. उनकी पत्नी चांदनी कुमारी आठ माह की गर्भवती हैं. जिस घर में कुछ दिनों बाद बच्चे की किलकारी गूंजने वाली थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है.

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

परिजनों का आरोप है कि शव की स्थिति देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि धीरज को किसी ऊंचे स्थान या मकान की छत से नीचे धक्का दिया गया हो. उन्होंने बताया कि शव पर सीमेंट और बालू के निशान भी मिले हैं. धीरज मजदूरी का काम करते थे और रोजाना काम के लिए पूर्णिया आते-जाते थे.

परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि वे संबंधित थाना में आवेदन देकर पूरे मामले की जांच की मांग करेंगे.

पुलिस जांच का इंतजार

फिलहाल मौत के कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी.

और पढ़ें : घर में फंदे से लटका मिला नौवीं की छात्रा का शव, एक दिन पहले परीक्षा देकर लौटी थी


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन