घर में फंदे से लटका मिला नौवीं की छात्रा का शव, एक दिन पहले परीक्षा देकर लौटी थी

Updated:
विज्ञापन

शोकाकुल परिजन व मृतका की फाइल फोटो

पूर्णिया जिले के चंपावती गांव में एक 16 वर्षीय नौवीं कक्षा की छात्रा का शव घर के पंखे से लटका मिला. परिजन और ग्रामीण सदमे में हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

विज्ञापन

जानकीनगर (पूर्णिया) से नितेश कुमार राय की रिपोर्ट

आपके शहर में

विज्ञापन

पूर्णिया जिले के सरसी थाना क्षेत्र के चंपावती गांव में एक 16 वर्षीय छात्रा का शव उसके घर में पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला. मृतका की पहचान कैलाश मुनी की पुत्री पल्लवी कुमारी के रूप में हुई है. वह उत्क्रमित माध्यमिक उच्च विद्यालय, चंपावती में नौवीं कक्षा की छात्रा थी.

घटना की सूचना मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

सुबह आवाज देने पर नहीं मिला कोई जवाब

परिजनों के अनुसार सुबह पल्लवी को आवाज लगाने पर अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. अनहोनी की आशंका होने पर परिजनों और ग्रामीणों ने कमरे का दरवाजा तोड़ा. अंदर पहुंचने पर छात्रा का शव पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला.

एक दिन पहले स्कूल में दी थी टेस्ट परीक्षा

मृतका के पिता कैलाश मुनी ने बताया कि पल्लवी नौवीं कक्षा की छात्रा थी और बुधवार को स्कूल में आयोजित टेस्ट परीक्षा में भी शामिल हुई थी. गुरुवार सुबह यह घटना सामने आई.

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

सरसी थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं. मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है.

उन्होंने बताया कि परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

एसडीपीओ ने भी किया घटनास्थल का निरीक्षण

घटना की सूचना मिलने पर बनमनखी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शैलेश प्रीतम भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. फिलहाल छात्रा की मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

परिवार में पसरा मातम

इस घटना के बाद पूरे परिवार में मातम छा गया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पल्लवी कुमारी दो बहनों में सबसे छोटी थी.

और पढ़ें : गुलाबबाग में तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, दो महीने पहले हुई थी शादी


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन