विजयटोला में ग्रामीणों ने युवक व महिला को हाथ बांधकर बनाया बंधक, सूचना पर पहुंची पुलिस ने कराया मुक्त
बंधक बनाये गये युवक युवती | Prabhat Khabar Network
कटिहार के विजयटोला में ग्रामीणों ने एक युवक और महिला को प्रेम-प्रसंग के शक में रस्सी से बांधकर बंधक बना लिया. सूचना मिलते ही फलका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सकुशल मुक्त कराया. युवक पंखा ठीक करने गया था, जबकि ग्रामीणों का आरोप है कि उनका अवैध संबंध था.
कटिहार जिले के फलका थाना क्षेत्र अंतर्गत सोहथा पंचायत के विजयटोला गांव में रविवार देर रात उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब ग्रामीणों ने एक युवक और महिला को एक साथ कमरे में पकड़कर रस्सी से बांध दिया. घटना की भनक लगते ही मौके पर पहुंची फलका थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को ग्रामीणों के चंगुल से मुक्त कराया.
पंखा ठीक करने आया था युवक, ग्रामीणों ने लगाया प्रेम-प्रसंग का आरोप
बंधक बनाए गए युवक की पहचान बरेटा निवासी राकेश रविदास के रूप में हुई है. वहीं पीड़ित महिला का पति पंजाब में रहकर मजदूरी करता है. महिला ने अपना पक्ष रखते हुए बताया कि रविवार रात करीब 10 बजे युवक उसके घर का खराब पंखा ठीक करने आया था. काम खत्म होने के बाद वह आराम कर रहा था, तभी गांव के कुछ लोग जबरन घर में घुस आए और दोनों के हाथ रस्सी से बांधकर मारपीट करने लगे. महिला के अनुसार, उसके पति ने ही फोन करके राकेश को पंखा ठीक करने के लिए भेजा था. दूसरी ओर, स्थानीय ग्रामीणों का दावा है कि युवक का महिला के घर अक्सर आना-जाना रहता था. दोनों के बीच कथित प्रेम-प्रसंग के शक में ग्रामीणों ने उन्हें पकड़कर बंधक बनाया था.
पुलिस ने कराया मुक्त, आवेदन मिलने पर होगी कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही फलका पुलिस दल-बल के साथ विजयटोला पहुंची और उग्र ग्रामीणों को समझा-बुझाकर दोनों को सकुशल छुड़ाया. फलका थानाध्यक्ष प्रहलाद यादव ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक और महिला को मुक्त करा लिया है. फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से थाने में लिखित शिकायत या आवेदन नहीं दिया गया है. पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अली अहमद
अली अहमद प्रिंट माध्यम में 25 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. फलका (कटिहार) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










