कटिहार बाजार समिति का अब बदल गया स्वरूप, न्यू मार्केट की मंडी यहीं सजेगी

कटिहार बाजार समिति का अब बदल गया स्वरूप, न्यू मार्केट की मंडी यहीं सजेगी
– मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 70 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का किया उद्घाटन- परिसर में कुल 185 दुकानों का कराया गया है निर्माण कटिहार शहर के बाजार व्यवस्था को आधुनिक व सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. अब बाजार समिति का स्वरूप पूरी तरह बदलने वाला है. शहर के न्यू मार्केट में लगने वाली सब्जी मंडी, फल मंडी व मछली बाजार को जल्द ही बाजार समिति परिसर के अंदर स्थानांतरित किया जायेगा. इसके लिए यहां तैयार की गई विभिन्न परियोजनाओं का गुरुवार को मुख्यमंत्री ने विधिवत उद्घाटन किया. मुख्यमंत्री के समृद्धि यात्रा के कटिहार आगमन पर बाजार समिति परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने करीब 70 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार की गई विभिन्न सुविधाओं और भवनों का उद्घाटन किया. उद्घाटन के साथ ही अब यहां बाजार को व्यवस्थित ढंग से बसाने की प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद जताई जा रही है. प्रशासन द्वारा बाजार समिति परिसर को आधुनिक मंडी के रूप में विकसित करने की योजना बनाई गई है. जिससे व्यापारियों व आमलोगों दोनों को सुविधा मिल सके. इस परियोजना के अंतर्गत बाजार समिति परिसर में कई महत्वपूर्ण सुविधाओं का निर्माण किया गया है. इसमें प्रशासनिक भवन, अतिथि गृह, खुदरा दुकानों के लिए रिटेल शॉप, निबंधन कार्यालय, कैंटीन, श्रमिकों के लिए विश्राम शेड, माल लोडिंग तथा तौल के लिए प्लेटफार्म, पशुधन शेड सह बिक्री केंद्र, फल व सब्जी मंडी, आलू और प्याज मंडी तथा बड़े वाहनों की तौल के लिए वे ब्रिज की व्यवस्था की गई है. इन सुविधाओं के शुरू होने से बाजार में आने वाले व्यापारियों, किसानों व खरीदारों को बेहतर व्यवस्था मिल सकेगी. परिसर में कुल 185 दुकानों का निर्माण कराया गया है. बाजार को व्यवस्थित रखने के लिए अलग-अलग प्रकार के व्यापार के लिए अलग स्थान निर्धारित किए गए हैं. फल और सब्जी मंडी के लिए अलग क्षेत्र बनाया गया है. खुदरा व्यापारियों के लिए अलग से दुकानों की व्यवस्था की गई है. इससे बाजार में भीड़ भाड़ कम होगी. खरीदारी करने वाले लोगों को भी आसानी होगी. प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार उद्घाटन के बाद अब जल्द ही दुकानों के बाजार को स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू की जायेगी. योजना पूरी तरह लागू होने के बाद न्यू मार्केट में लगने वाली अस्थायी मंडियों को बाजार समिति परिसर में व्यवस्थित तरीके से बसाया जायेगी. स्थानीय लोगों व व्यापारियों का मानना है कि बाजार समिति के विकसित होने से कटिहार में व्यापार को नया आयाम मिलेगा. साथ ही किसानों को भी अपनी उपज बेचने के लिए बेहतर और सुरक्षित स्थान उपलब्ध हो सकेगा. इससे शहर की बाजार व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक व्यवस्थित व आधुनिक दिखाई देगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




