थाना गेट के पास कचरा जलाने से फैला धुआं, लोग हुए परेशान

थाना गेट के पास कचरा जलाने से फैला धुआं, लोग हुए परेशान
कोढ़ा नगर पंचायत क्षेत्र के थाना गेट के समीप कचरे को जलाने से उठ रहे धुएं व प्रदूषण के कारण आमलोगों के साथ-साथ विद्यालय आने वाले छात्र-छात्राओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि थाना गेट के पास काफी मात्रा में कचरा डंप किया गया है. जिसे बाद में आग लगाकर जला दिया गया. इससे आसपास का वातावरण धुएं से भर गया और वहां से गुजरने वाले लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी.बताया जाता है कि थाना गेट के निकट ही विद्यालय भी स्थित है. जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पढ़ने के लिए आते हैं. कचरा जलाने से उठने वाले धुएं के कारण स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को परेशानी झेलनी पड़ रही है. कई अभिभावकों ने भी इस पर चिंता जताई है. कहा कि स्कूल के आसपास इस तरह कचरा डंपिंग करना और उसे जलाना बच्चों के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है. स्थानीय ग्रामीणों व बुद्धिजीवियों ने भी इस व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि स्कूल व थाना गेट जैसे सार्वजनिक स्थान के पास कचरा डंप करना बिल्कुल भी उचित नहीं है. उसके बाद उसी कचरे को जलाने से आसपास के वातावरण में प्रदूषण फैल रहा है. जिससे आम नागरिकों को भी दिक्कत हो रही है. स्थानीय लोगों के अनुसार मुख्य बाजार की ओर से आने-जाने वाले ग्रामीणों को भी इस धुएं और दुर्गंध से काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. सड़क से गुजरने वाले लोगों को मुंह ढककर निकलना पड़ रहा है. कई बार लोगों ने इस समस्या की शिकायत की है. लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है. लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है कि इस समस्या पर तत्काल संज्ञान लिया जाय. सबसे पहले जल रहे कचरे पर पानी डालकर धुएं को खत्म किया जाए और वहां जमा कचरे को जल्द से जल्द हटाकर किसी अन्य निर्धारित डंपिंग स्थल पर ले जाया जाय.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




