469 अंक के साथ मैट्रिक में रोज आलम बारसोई टॉपर, जिला में नौवां स्थान

469 अंक के साथ मैट्रिक में रोज आलम बारसोई टॉपर, जिला में नौवां स्थान
बारसोई “अगर इरादे मजबूत हों, तो हर मुश्किल आसान हो जाती है. बारसोई के होनहार छात्र रोज आलम ने, बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा रविवार को घोषित मैट्रिक परीक्षा परिणाम में मौलानापुर निवासी नजरुल के पुत्र रोज आलम ने 500 में से 469 अंक प्राप्त कर बारसोई में प्रथम स्थान हासिल किया है. वहीं पूरे कटिहार जिला में नौवां स्थान पाकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है. साधारण परिवार से आने वाले रोज आलम ने यह सिद्ध कर दिया कि सफलता संसाधनों की मोहताज नहीं होती, बल्कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से ही हासिल होती है. उनकी इस उपलब्धि से पूरे इलाके में उत्सव जैसा माहौल है और युवाओं के लिए एक नई प्रेरणा की किरण जगी है. उत्क्रमित उच्च विद्यालय बारसोई घाट के प्रधानाध्यापक राधेश्याम प्रसाद ने बताया कि रोज आलम शुरू से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर और अनुशासित छात्र रहे हैं, उनकी यह सफलता विद्यालय के साथ-साथ पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है. नगर पंचायत बारसोई के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि रिंकू सिंह, डॉ. असगर आजम, सैय्याद रेजा, सुदीप साहा सहित कई गणमान्य व्यक्तियों एवं नगरवासियों ने रोज आलम को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है. रोज आलम ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और नियमित अध्ययन को देते हुए कहा कि उनका सपना आगे चलकर उच्च शिक्षा प्राप्त कर समाज के लिए सकारात्मक बदलाव लाना है. रोज आलम की यह सफलता न केवल एक व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि यदि मेहनत सच्ची हो, तो हर सपना हकीकत बन सकता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




