Katihar : देसी पिस्टल व गोलियों के साथ युवक गिरफ्तार, मनसाही में रातभर चली छापेमारी
Published by : AMIT KUMAR SINH Updated At : 15 May 2026 11:26 AM
विज्ञापन
कटिहार जिले के मनसाही थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को देसी पिस्टल और जिंदा गोलियों के साथ गिरफ्तार किया है. गुप्त सूचना के आधार पर देर रात की गई छापेमारी में आरोपी को उसके घर से पकड़ा गया. पुलिस को आशंका थी कि आरोपी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में था. गिरफ्तारी के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस अब हथियार के स्रोत और संभावित साजिश की जांच में जुट गयी है.
विज्ञापन
कटिहार के मनसाही से ललित कुमार की रिपोर्ट :
मनसाही थाना क्षेत्र के सहजा पंचायत स्थित इमली टोला गांव में गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने एक व्यक्ति को देसी पिस्टल व गोलियों के साथ गिरफ्तार किया है. प्रभारी थाना प्रभारी मोहम्मद मुस्तफा अंसारी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव निवासी अब्दुल मलिक के घर में अवैध हथियार छिपाकर रखा गया है.सूचना को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी थाना प्रभारी मोहम्मद मुस्तफा अंसारी और एसआई प्रिय रंजन पासवान के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई. इसके बाद देर रात आरोपी के घर पर छापेमारी की गई.छापेमारी में देसी पिस्टल और गोलियां बरामद
पुलिस की तलाशी के दौरान आरोपी अब्दुल मलिक, उम्र करीब 40 वर्ष, पिता रहमान अली के घर से एक देसी पिस्टल और तीन जिंदा गोलियां बरामद की गईं. हथियार मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत आरोपित को गिरफ्तार कर लिया.प्रभारी थाना प्रभारी ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि बरामद हथियार और गोलियों को जब्त कर लिया गया है. आरोपी को शुक्रवार को मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
पुलिस अब खंगाल रही हथियार का नेटवर्क
गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास हथियार कहां से आया और वह इसका इस्तेमाल किस वारदात में करने वाला था. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी किसी आपराधिक गिरोह से जुड़ा हुआ है या नहीं.
थाना प्रभारी मोहम्मद मुस्तफा अंसारी ने कहा कि क्षेत्र में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी.इस कार्रवाई के बाद इलाके में पुलिस की सक्रियता को लेकर चर्चा तेज हो गई है और लोगों ने इसे बड़ी सफलता बताया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










