कटिहार में सफाई व्यवस्था ध्वस्त, निगम कर्मचारियों की हड़ताल के दूसरे दिन 214 टन कचरा सड़कों पर जमा
फोटो कैप्शन 11 कैप्शन- नगर निगम कार्यालय के पीछे जमा कचरा | Prabhat Khabar Network
कटिहार नगर निगम के कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल का दूसरा दिन शहर की सफाई व्यवस्था को पूरी तरह ठप कर गया. विभिन्न वार्डों से लेकर प्रमुख बाजारों और अस्पतालों तक कचरे का अंबार लग गया है, जिससे लोगों का जीना मुश्किल हो गया है. मेयर ने कर्मचारियों से वार्ता की, लेकिन मांगें पूरी न होने तक हड़ताल जारी है.
Katihar News: कटिहार नगर निगम कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल का असर अब पूरे शहर में साफ दिखाई देने लगा है. हड़ताल के दूसरे दिन बुधवार को सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई और वार्डों से लेकर प्रमुख बाजारों, चौक-चौराहों और अस्पताल जाने वाले मार्ग तक कचरे का अंबार लग गया. नगर निगम सूत्रों के अनुसार शहर में करीब 214 टन कचरा जमा हो चुका है, जिसमें आधा गीला और आधा सूखा कचरा शामिल है. हालात ऐसे हो गए कि कई जगह लोगों को नाक पर रूमाल रखकर गुजरना पड़ा.
सफाई व्यवस्था बाधित होने से सबसे अधिक परेशानी बाजार आने वाले लोगों, मरीजों, उनके परिजनों और घनी आबादी वाले इलाकों के निवासियों को हो रही है. लगातार बढ़ती दुर्गंध के कारण संक्रामक बीमारियों की आशंका भी जताई जा रही है.
वार्ड से बाजार तक कचरे का अंबार
नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल के कारण शहर के विभिन्न वार्डों से नियमित कचरा उठाव पूरी तरह बंद रहा.
प्रमुख बाजार, चौक-चौराहे और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़े के ढेर जमा हो गए. सफाई के लिए उपयोग होने वाले वाहन भी निगम परिसर में खड़े रहे और उनका संचालन नहीं हो सका.
सदर अस्पताल जाने वाली सड़क पर भी कचरा फैला रहने से मरीजों और उनके परिजनों को भारी कठिनाई का सामना करना पड़ा.
दुर्गंध से लोगों का जीना मुश्किल
कई मोहल्लों में घरों के बाहर और आसपास कचरा जमा होने से तेज बदबू फैलने लगी है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि वैकल्पिक सफाई व्यवस्था नहीं होने के कारण स्थिति लगातार बिगड़ रही है. कई गृहणियां घर में जमा कचरा देर रात सड़क किनारे डालने को मजबूर हो रही हैं, जिससे राहगीरों और आसपास के लोगों की परेशानी और बढ़ गई है.
मेयर ने कर्मचारियों से की वार्ता
हड़ताल के दूसरे दिन महापौर ऊषा देवी अग्रवाल ने पहल करते हुए हड़ताली कर्मचारियों से मुलाकात की.
बैठक में उप महापौर मंजूर खान, नगर आयुक्त संतोष कुमार, सशक्त स्थायी समिति के सदस्य और कई वार्ड पार्षद भी मौजूद रहे.
कर्मचारियों की मांगों पर विस्तृत चर्चा के बाद सभी जनप्रतिनिधियों की सहमति से मांगों को संकलित कर बिहार सरकार को औपचारिक पत्र भेजा गया.
महापौर ने कहा कि निगम कर्मचारियों के हितों की रक्षा भी आवश्यक है और आम नागरिकों को नगर निगम की सेवाएं निर्बाध रूप से उपलब्ध कराना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है.
तीन सूत्री मांगों पर अड़े कर्मचारी
कटिहार निगम कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि उनकी लड़ाई अब सीधे सरकार से है.
उन्होंने स्पष्ट किया कि तीन सूत्री मांगें पूरी होने तक हड़ताल जारी रहेगी. संघ का कहना है कि लगभग एक माह पहले नगर आवास एवं विकास विभाग के प्रधान सचिव को लिखित रूप से मांगों से अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई.
Katihar News:शहर पर बढ़ता स्वास्थ्य संकट
विशेषज्ञों का मानना है कि बरसात के मौसम में लंबे समय तक कचरा जमा रहने से मच्छर, मक्खियां और अन्य संक्रमण फैलाने वाले कारकों की संख्या बढ़ सकती है.
यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो शहर में स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं और गंभीर हो सकती हैं. नागरिकों ने प्रशासन और सरकार से जल्द वार्ता कर सफाई व्यवस्था बहाल कराने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राजकिशोर
राजकिशोर प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के कटिहार कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










