चावल चोरी मामले में प्रधानाध्यापक, शिक्षक सहित चार पर एफआईआर कराने का निर्देश

उत्क्रमित मध्य विद्यालय लक्ष्मीपुर, बरारी में 22 जनवरी 2026 को संध्या सात बजे चावल चोरी होने की घटना का सीसीटीवी फुटेज स्थानीय ग्रामीण ने उपलब्ध कराया था
कटिहार. उत्क्रमित मध्य विद्यालय लक्ष्मीपुर, बरारी में 22 जनवरी 2026 को संध्या सात बजे चावल चोरी होने की घटना का सीसीटीवी फुटेज स्थानीय ग्रामीण ने उपलब्ध कराया था. इसकी जांच जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, पीएम पोषण योजना, कटिहार ने की. डीइओ ने बीइओ बरारी को निर्देशित किया है कि जांच प्रतिवेदन में चिह्नित दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध स्थानीय थाना में प्राथमिकी दर्ज कराकर इसकी सूचना उन्हें उपलब्ध कराएं. पत्र के साथ जांच प्रतिवेदन भी उपलब्ध कराया है. निष्कर्ष के रूप जांच प्रतिवेदन में डीपीओ पीएम पोषण योजना ने कहा है कि जांच के दौरान विभिन्न तथ्यों से प्रतीत होता है कि विद्यालय में दिनांक 22-01-2026 को पर्याप्त चावल उपलब्ध था. जिसे संध्या समय जैसा वीडियो फुटेज से पता चल रहा है कि विद्यालय के कर्मियों की सहभागिता से अवैध तरीके से निकाल लिया गया. जिसमें दिलीप के कथनानुसार शिक्षक कुन्दन रविदास एवं तालिमी मरकज हैदर अली व शिक्षा सेवक अर्जुन रविदास की सहभागिता प्रतीत होती है. निलंबित प्रधानाध्यापक की भी भूमिका संदेहास्पद है, क्योंकि भौतिक रूप से चावल खत्म हो जाने की सूचना विभाग को नहीं दी गयी और ई-शिक्षाकोष पर गलत प्रविष्टी कर इसे छुपाने का अपराधिक प्रयास किया गया. डीपीओ पीएम पोषण ने कहा है कि उपरोक्त तथ्यों के आलोक में अग्रतर व्यापक अनुसंधान की आवश्यकतावश निलंबित प्रधानाध्यापक दिलीप कुमार, सहायक शिक्षक कुन्दन रविदास, शिक्षा सेवक अर्जुन रविदास व तालिमी मरकज हैदर अली को प्रथम आरोपी बनाते हुए इनके विरुद्ध स्थानीय पुलिस थाना में प्राथमिकी दर्ज करने की अनुशंसा की जाती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




