बीपीएससी: कड़ी सुरक्षा के बीच आज होगी एईडीओ भर्ती प्रतियोगिता परीक्षा

बीपीएससी: कड़ी सुरक्षा के बीच आज होगी एईडीओ भर्ती प्रतियोगिता परीक्षा
– 26 केंद्रों पर 9972 अभ्यार्थी होंगे सम्मिलित, सुरक्षा के रहेंगे कड़े इंतजाम कटिहार बिहार लोक सेवा आयोग की सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी पद के लिए मंगलवार को होने वाली लिखित परीक्षा को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गयी है. जिले में 26 परीक्षा केंद्र बनाये हैं. 9972 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे. परीक्षा के स्वच्छ, कदाचारमुक्त व शांतिपूर्ण वातावरण में कराने के लिए सभी केंद्रों पर सुरक्षा बलों के साथ दंडाधिकारी तैनात किया गया है. परीक्षा केंद्र के बाहरी परिसर में वीडियोग्राफी कराने की भी व्यवस्था की है. जिला प्रशासन की ओर से जारी संयुक्त आदेश में कहा गया है कि परीक्षा नियंत्रक, बिहार लोक सेवा आयोग के दिशानिर्देश के आलोक में सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी प्रतियोगिता परीक्षा 14-04-2026 एवं 15-04-2026 को प्रथम चरण, दिनांक 17-04-2026 एवं 18-042026 को द्वितीय चरण तथा दिनांक 20-04-2026 एवं 21-04-2026 को तृतीय चरण दो पाली में होगी. संयुक्त आदेश के अनुसार दिनांक 14-04-2026, 17-04-2026 एवं 20-04-2026 को प्रथम पाली 10:00 बजे पूर्वाह्न से 12:00 बजे मध्याह्न तक तथा द्वितीय पाली 02:30 बजे अपराह्न से 04:30 बजे अपराह्न तक तथा दिनांक 15-04-2026, 18-04-2026 एवं 21-04-2026 को एकल पाली में 10:00 बजे पूर्वाह्न से 12:00 बजे मध्याह्न तक आयोजित की जायेगी. डीएम व एसपी की ओर से जारी इस संयुक्त आदेश के अनुसार इस परीक्षा से सम्बद्ध सभी उम्मीदवार का आयोग के वेबसाईट से डाउनलोड ई-प्रवेश पत्र परीक्षा में बैठने के लिए मान्य होगा. कदाचार में पकड़े जाने पर पांच साल तक परीक्षा से होंगे वंचित दिशानिर्देश के अनुसार परीक्षार्थियों को अपनी पहचान के लिए आयोग द्वारा निर्गत ई-प्रवेश पत्र में दर्ज पहचान-पत्र साथ लेकर उपस्थित होना है. अभ्यर्थियों को अतिरिक्त ई-प्रवेश पत्र लेकर उपस्थित होना है, जिसे परीक्षा अवधि में वीक्षक को हस्ताक्षरित करते हुए दिया जाना है. किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ, वाई-फाई गैजेट, इलेक्ट्रॉनिक पेन, पेजर सामान्य या स्मार्ट रिस्ट वाच जैसी इलेक्ट्रॉनिक सामग्री तथा व्हाइटनर, इरेजर एवं ब्लेड जैसी सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं दी जायेगी. उम्मीदवार को सचेत किया जाय कि किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक सामग्री पाये जाने पर उसे कदाचार मानते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जायेगी. कदाचार करते हुए पाये जाने की स्थिति में इस परीक्षा सहित आगामी पांच वर्षों के लिए आयोग की परीक्षाओं में भाग लेने से वंचित कर दिया जायेगा तथा परीक्षा से संबंधित भ्रामक एवं सनसनीखेज अफवाह फैलाने की स्थिति में तीन वर्षों के लिए आयोग की परीक्षाओं से वंचित किया जायेगा. परीक्षा कक्ष में अभ्यर्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया संयुक्त आदेश के अनुसार केंद्राधीक्षक, प्रतिनियुक्त स्टैटिक दण्डाधिकारी सह प्रेक्षक तथा पुलिस पदाधिकारी की उपस्थिति में दिनांक 14-04-2026 से 21-04-2026 तक (दिनांक – 16-04-2026 एवं 19-04-2026 को छोड़कर) प्रथम पाली के लिए पूर्वाह्न 08:00 बजे से 09:00 बजे तक एवं द्वितीय पाली के लिए अपराह्न 01:00 बजे से 01:30 बजे तक उम्मीदवारों की सघन फ्रिस्किंग के साथ प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों के ई-एडमिट कार्ड पर छपे क्यू आर या बार कोड की स्कैनिंग करते हुए फोटो एवं पहचान-पत्र के साथ मिलान करते हुए परीक्षा केन्द्र के अन्दर प्रवेश की अनुमति दी जायेगी. प्रत्येक पाली की परीक्षा के लिए परीक्षा प्रारंभ होने के एक घंटा पूर्व तक परीक्षार्थी को परीक्षा केन्द्र में प्रवेश करने दिया जायेगा. उसके पश्चात् प्रवेश की अनुमति नहीं दी जायेगी. इन 26 केंद्रों पर होगी बीपीएससी की परीक्षा बीपीएसपी की यह परीक्षा शहर के 26 केंद्रों पर आयोजित की जायेगी. जिन केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जायेगी. उनमें केबी झा कॉलेज में 576 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गयी है. जबकि एमजेएम महिला कॉलेज में 444 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे. सीताराम चमरिया इंटर कॉलेज हृदयगंज में 360, सूर तुलसी इंटर कॉलेज में 504, राजकीय उच्च विद्यालय शरीफगंज में 432, हरिशंकर नायक उच्च विद्यालय में 408, राजकीयकृत उच्च विद्यालय, सदर अस्पताल रोड में 312, इंटर कॉलेज बीएमपी सात में 216, प्लस टू गांधी उच्च विद्यालय, न्यू कॉलोनी में 360, मारवाड़ी उच्चतर माध्यमिक पाठशाला डेहरिया में 276, उमा देवी मिश्रा बालिका प्लस विद्यालय में 468, आदर्श उच्च विद्यालय न्यू कॉलोनी में 552, माहेश्वरी एकेडमी में 420, एमबीटीए इस्लामिया उच्च माध्यमिक विद्यालय में 660, उच्च विद्यालय बीएमपी सात में 408, उर्दू मध्य विद्यालय कदवा रामपाड़ा में 348, मध्य विद्यालय मिर्चाईबाड़ी में 312, उत्क्रमित मध्य विद्यालय बर्मा रिफ्यूजी कॉलोनी में 336, उत्क्रमित मध्य विद्यालय हवाई अड्डा में 324, आदर्श मध्य विद्यालय बीएमपी सात में 216, मध्य विद्यालय सिरसा (एससी) में 240, स्कॉटिश पब्लिक स्कूल, बरमसिया में 432, जय माला शिक्षा निकेतन, हृदयगंज में 324, मैरी इमैकुलेट स्कूल बरमसिया में 312, टीओमल वर्ल्ड स्कूल इंडस्ट्रियल एस्टेट में 444 एवं एसएस पब्लिक स्कूल लोहिया नगर 288 परीक्षा में शामिल होंगे. जिला नियंत्रण कक्ष में दें सूचना परीक्षा केंद्रों पर कदाचारमुक्त एवं स्वच्छ परीक्षा आयोजन के लिए 26 स्टेटिक दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है. कदाचारमुक्त परीक्षा के सफल संचालन के लिए सभी स्टेटिक दंडाधिकारियों को परीक्षा के दिन संबद्ध परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित समय से पहुंचने का निर्देश दिया गया है तथा परीक्षा केंद्र के आसपास भीड़-भाड़ की स्थिति उत्पन्न न हो. इसका ध्यान रखने के सख्त निर्देश दिये गये है. साथ ही सभी परीक्षा केंद्र के 200 मीटर की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गयी है. इसके अतिरिक्त सीसीटीवी के साथ साथ सभी परीक्षा केंद्र पर जैमर भी लगाया गया है. इस बीच परीक्षा के दौरान विधि व्यवस्था बनाये रखने को लेकर जिला स्तर पर समाहरणालय में जिला नियंत्रण कक्ष में स्थापित की गयी है. जिला नियंत्रण कक्ष में दूरभाष संख्या 06452-239025 व 249026 काम करेगा. किसी भी तरह की सूचना इस नंबर पर दिया जा सकता है. साथ ही सदर अनुमंडल कार्यालय में भी नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है. जिस पर परीक्षा संबंधी किसी भी तरह की सूचना दी जा सकती है. शहर में बढ़ी चहल-पहल परीक्षा को लेकर शहर में चहल पहल बढ़ गयी. परीक्षा ने शामिल होने के लिए अभ्यर्थी सोमवार को ही यहां पहुंच गये है. ट्रेन, बस व अन्य माध्यमों से अभ्यर्थी यहां पहुंचे है. छोटे-बड़े सभी होटल बुक हो गया. परीक्षा को लेकर बड़ी तादाद में परीक्षार्थी के पहुंचने से शहर में चहल-पहल बढ़ बढ़ गयी है. शहर के विभिन्न बाजारों में परीक्षार्थियों की आवाजाही जारी रही. शहर के मिरचाईबाड़ी, शहीद चौक, मंगल बाज़ार, न्यू मार्केट रोड, बड़ा बाज़ार, विनोदपुर, बाटा चौक, दुर्गास्थान चौक आदि पथ एवं चौक चौराहा पर चहल पहल अत्यधिक बढ़ गयी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




