Bihar Crime: कटिहार में प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर की हत्या, पुलिस ने कहा- जल्द होगा खुलासा
Published by : Paritosh Shahi Updated At : 30 Jun 2025 8:26 PM
Bihar Crime: कटिहार जिले के छीटाबाड़ी में रविवार रात प्रॉपर्टी डीलर धीरज कुमार की बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी. जमीन विवाद और लेनदेन को लेकर हत्या की आशंका जताई जा रही है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और अपराधियों की तलाश जारी है.
Bihar Crime: कटिहार जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के छिटाबाड़ी वार्ड नंबर तीन में रविवार की देर रात अपराधियों ने प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी. मुफस्सिल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घटना की जानकारी वरीय पुलिस पदाधिकारी को दी. अपर पुलिस अधीक्षक घटनास्थल पर पहुंचे तथा मामले की जांच करते हुए अग्रतर कार्रवाई में जुट गये.
धीरज कुमार पिता धनी लाल साह रविवार की देर रात दुर्गा स्थान से घर छींटाबाड़ी लौट रहे थे. इसी दौरान जैसे ही उन्होंने रेलवे की दो गुमटियों को पार किया और मोहल्ले के समीप पहुंचे. पहले से घात लगाये बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें सामने से दो गोलियां मारी. गोली लगते ही धीरज सड़क पर गिर पड़ा. दोनों गोलियां सिर और आंख के पास लगने से धीरज की मौके पर ही मौत हो गयी.
गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग सड़क पर निकले तो देखा कि धीरज की बाइक सड़क पर गिरी हुई थी. शव पास में पड़ा था. स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी मुफस्सिल थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही मुफस्सिल थानाध्यक्ष शशि रंजन दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
मचा कोहराम
घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है. स्थानीय लोगों में घटना को लेकर गहरा आक्रोश है. मृतक के पिता किराना दुकान चलाते हैं. धीरज जमीन खरीद बिक्री का काम किया करता था. आशंका है जमीन विवाद या फिर आपसी रंजिश में उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गयी. धनी साह को तीन पुत्र है. सबसे छोटा धीरज था. धीरज को एक पुत्र व एक पुत्री है. फिलहाल घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है.
क्या बोले पुलिस पदाधिकारी
पुलिस अधिकारी अभिजीत कुमार सिंह ने कहा कि धीरज कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई हैं. पुलिस ने घटनास्थल से गोली के खाली खोखे भी बरामद किया है. मृतक का कुछ आपराधिक हिस्ट्री है. पुलिस उस एंगल से भी जांच कर रही है. अभी तक हत्या के कारणों का पता नहीं लग पाया है. पुलिस घटनास्थल एवं तकनीकी अनुसंधान से जांच में जुट गयी है. शीघ्र ही पुलिस हत्याकांड का उद्भेदन कर अपराधियों को गिरफ्तार कर लेगी. मृतक की पत्नी के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है.
पैसे के लेनदेन व जमीन विवाद में धीरज की अपराधियों ने कर दी हत्या
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के छीटाबाड़ी में धीरज हत्याकांड की जांच में जुटी पुलिस को कई अहम सुराग हाथ लगे हैं. घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थानाध्यक्ष शशिरंजन कुमार पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे तथा घटना की जानकारी वरीय पुलिस अधिकारी को दी. जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक अभिजीत सिंह घटनास्थल पर पहुंचे तथा मामले की तफ्तीश में जुट गये.
घटनास्थल से तीन गोली का खोखा बरामद किया गया. पुलिस घटनास्थल एवं उसके आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया. इस दौरान यह बात सामने आयी कि इस घटना में शामिल अपराधियों की संख्या तकरीबन 9 से 10 थी.अपराधी चार बाइक से आये थे. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने अपराधियों को चिन्हित कर छापेमारी में जुट गयी है.
परिजनों का रो-रोकर हुआ बुरा हाल
धीरज को गोली मार दिए जाने की सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने परिजन के समक्ष मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट तैयार की तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. इधर घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. पत्नी सहित घर के बच्चे व बुजुर्ग सभी का रो-रोकर बुरा हाल हुआ जा रहा था. मृतक के पिता व भाई की भी बात-बात पर आंखें नम हो जाती थी.
इसे भी पढ़ें: बिहार के इन 6 जिलों में अगले 3 घंटे होगी भयंकर बारिश, IMD ने बताया अगले 24 घंटे के लिए जारी किया ऑरेंज अलर्ट
पत्नी के बयान पर मामला दर्ज
मृतक की पत्नी के आवेदन पर मुफस्सिल थाना में आधा दर्जन अपराधियों को नामजद तथा अन्य के विरुद्ध हत्या आर्म्स एक्ट सहित अन्य धारा के तहत कांड दर्ज कराया है. पुलिस उक्त मामले में अपराधियों के विरुद्ध छापेमारी शुरू कर दी है.
बिहार चुनाव की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
मृतक रहा है हिस्ट्रीशीटर, हत्या के आरोप में गया था जेल
अपर पुलिस अधीक्षक अभिजीत सिंह ने बताया कि मृतक धीरज हिस्ट्रीशीटर रहा है. जिले में तकरीबन आधा दर्जन हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट सहित अन्य मामले आरोप पत्रित है. प्राणपुर थाना में दर्ज हत्या के मामले में यह जेल गया था. कुछ माह पहले ही जमानत पर बाहर आया है. पैसे लेन देन एवं जमीनी विवाद को लेकर इसकी हत्या कर दी गयी.
इसे भी पढ़ें: Bihar: जून में बिहार को मिली फोरलेन, फ्लाईओवर और पुल की सौगात, बदली राजधानी की सूरत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Paritosh Shahi
परितोष शाही पिछले 4 वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की और वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम का हिस्सा हैं. राजनीति, सिनेमा और खेल, विशेषकर क्रिकेट में उनकी गहरी रुचि है. जटिल खबरों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना और बदलते न्यूज माहौल में तेजी से काम करना उनकी विशेषता है. परितोष शाही ने पत्रकारिता की पढ़ाई बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से की. पढ़ाई के दौरान ही पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को देखने, समझने और लोगों तक सही तरीके से पहुंचाने की सोच ने शुरुआत से ही इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. पत्रकारिता में करियर की पहली बड़ी शुरुआत बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के दौरान हुई, जब उन्होंने जन की बात के साथ इंटर्नशिप की. इस दौरान बिहार के 26 जिलों में जाकर सर्वे किया. यह अनुभव काफी खास रहा, क्योंकि यहां जमीनी स्तर पर राजनीति, जनता के मुद्दों और चुनावी माहौल को बहुत करीब से समझा. इसी अनुभव ने राजनीतिक समझ को और मजबूत बनाया. इसके बाद राजस्थान पत्रिका में 3 महीने की इंटर्नशिप की. यहां खबर लिखने की असली दुनिया को करीब से जाना. महज एक महीने के अंदर ही रियल टाइम न्यूज लिखने लगे. इस दौरान सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता कितनी जरूरी होती है. राजस्थान पत्रिका ने उनके अंदर एक मजबूत डिजिटल पत्रकार की नींव रखी. पत्रकारिता के सफर में आगे बढ़ते हुए पटना के जनता जंक्शन न्यूज पोर्टल में वीडियो प्रोड्यूसर के रूप में भी काम किया. यहां कैमरे के सामने बोलना, प्रेजेंटेशन देना और वीडियो कंटेंट की बारीकियां सीखीं. करीब 6 महीने के इस अनुभव ने कैमरा फ्रेंडली बनाया और ऑन-स्क्रीन प्रेजेंस को मजबूत किया. 1 अप्रैल 2023 को राजस्थान पत्रिका को प्रोफेशनल तौर पर ज्वाइन किया. यहां 17 महीने में कई बड़े चुनावी कवरेज में अहम भूमिका निभाई. लोकसभा चुनाव 2024 में नेशनल टीम के साथ जिम्मेदारी संभालने का मौका मिला. इसके अलावा मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दौरान भी स्टेट टीम के साथ मिलकर काम किया. इस दौरान चुनावी रणनीति, राजनीतिक घटनाक्रम और बड़े मुद्दों पर काम करने का व्यापक अनुभव मिला. फिलहाल परितोष शाही प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ जुड़े हुए हैं. यहां बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में ब्रेक किया, ग्राउंड से जुड़े मुद्दों पर खबरें लिखीं और वीडियो भी बनाए. बिहार चुनाव के दौरान कई जिलों में गांव- गांव घूम कर लोगों की समस्या को जाना-समझा और उनके मुद्दे को जन प्रतिनिधियों तक पहुंचाया. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और असरदार खबर पहुंचे. पत्रकारिता में लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और भरोसेमंद पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










