जय श्रीराम के उद्घोष से गूंजेगा बारसोई, रामनवमी की तैयारी तेज

जय श्रीराम के उद्घोष से गूंजेगा बारसोई, रामनवमी की तैयारी तेज
– बैठक में भव्य शोभायात्रा निकालने का निर्णय बारसोई मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के अवतरण दिवस रामनवमी को लेकर बारसोई में श्रद्धा व भक्ति का माहौल बनने लगा है. पर्व को भव्य व अनुशासित ढंग से मनाने के लिए बुधवार को बारसोई स्थित श्री विष्णु मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं व युवाओं की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई. शोभायात्रा व धार्मिक कार्यक्रमों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गयी. अध्यक्षता रामनवमी शोभायात्रा समिति के अध्यक्ष राजेश पासवान ने की. सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष रामनवमी के अवसर पर पूरे क्षेत्र में भक्ति व आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण बनाने के लिए भव्य शोभायात्रा निकाली जायेगी. शोभायात्रा में भगवान श्रीराम की आकर्षक झांकियां, भजन-कीर्तन, भक्ति गीत तथा पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे. मौजूद लोगों ने कहा कि रामनवमी केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में उतारने का अवसर है. भगवान श्रीराम का जीवन सत्य, मर्यादा, त्याग व धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है. समाज में सद्भाव, अनुशासन और नैतिक मूल्यों का संदेश फैलता है. समिति के सदस्यों ने शोभायात्रा को भव्य, अनुशासित व शांतिपूर्ण बनाने के लिए विभिन्न जिम्मेदारियां भी तय की. सुरक्षा, व्यवस्था व मार्ग संचालन को लेकर स्वयंसेवकों की टीम गठित की गयी. सभी तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभायेंगे. बैठक में बड़ी संख्या में स्थानीय युवा एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे. जिनमें प्रमुख रूप से आनंदी अग्रवाल, शंकर प्रसाद साह, सागर साह, आनंद गुप्ता, गौरव सिंह, तारकेश्वर कुमार, अभिषेक कुमार, सौरव कुमार, कुणाल यादव, विवेक साह, मुन्ना लाल भगत, राहुल कुमार चौधरी, पंकज कुमार साह, अशोक दत्ता, आदित्य साह, रविंद्र नाथ दास, भोला कुमार सहित कई श्रद्धालु मौजूद थे. एकजुट होकर रामनवमी के आयोजन को भव्य व सफल बनाने का संकल्प लिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




