बाबा गोरखनाथ धाम में बरसा सोना-चांदी और विदेशी नोट! सावन में आया रिकॉर्डतोड़ 62.60 लाख का चढ़ावा
फोटो- राशि की गिनती करते कमेटी के सदस्य | Prabhat Khabar Network
कटिहार के बाबा गोरखनाथ धाम मंदिर में श्रावण पूर्णिमा के अवसर पर शिवभक्तों ने दिल खोलकर दान दिया. इस बार 62 लाख 60 हजार 588 रुपये का रिकॉर्ड चढ़ावा आया, जिसमें सोना-चांदी और विदेशी मुद्राएं भी शामिल हैं. मंदिर कमेटी के अनुसार, इस राशि का उपयोग मंदिर के विकास कार्यों में किया जाएगा.
कटिहार, बलिया बेलौन. बाबा गोरखनाथ धाम मंदिर में श्रावण पूर्णिमा के अवसर पर शिवभक्तों ने दिल खोलकर दान दिया. सावन माह की चार सोमवारी, दुकानों से प्राप्त चंदा, मुंडन, रसीद और अन्य माध्यमों से मंदिर को कुल 62 लाख 60 हजार 588 रुपये नगद चढ़ावा प्राप्त हुआ. मंदिर न्यास कमेटी के अनुसार यह सावन मेले के दौरान मिला रिकॉर्ड चढ़ावा है.
आपके शहर में
दंडाधिकारी की निगरानी में घंटों चली चढ़ावे की गिनती
मंदिर न्यास कमेटी के पदेन अध्यक्ष सह एसडीओ राजू कुमार की ओर से प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पंचायत राज पदाधिकारी आजमनगर प्रवीण कुमार भारती की निगरानी में चढ़ावे की गिनती की गई.
दर्जनों लोगों की मौजूदगी में घंटों तक नगद राशि की गिनती हुई. मंदिर में चढ़ाए गए एक-एक सिक्के का हिसाब लगाया गया. मंदिर कमेटी के सचिव पिंटू यादव, उपाध्यक्ष अक्षय सिंह और कोषाध्यक्ष दिलीप कुमार सिंह ने गिनती से संबंधित जानकारी दी.
चांदी के त्रिशूल से लेकर सोने की आंख तक चढ़ावे में मिली
मंदिर कमेटी के अनुसार नगद राशि के अलावा श्रद्धालुओं ने कई कीमती वस्तुएं भी दान स्वरूप चढ़ाईं. इनमें चांदी के सात त्रिशूल, सात माला, पांच लॉकेट, चार नाग, एक अंगूठी, एक गदा, एक घंटी और एक आंख शामिल है.इसके अलावा सोने की एक आंख भी दान स्वरूप प्राप्त हुई है.
नेपाली, भुटानी और म्यांमार की मुद्राएं भी मिलीं
चढ़ावे की गिनती के दौरान विदेशी मुद्राएं भी मिलीं. मंदिर को नेपाली मुद्रा 6,640, भुटानी मुद्रा 2,950 और म्यांमार की मुद्रा 21,000 भी दान स्वरूप प्राप्त हुई. मंदिर कमेटी के अनुसार सभी दान और चढ़ावे का अलग-अलग हिसाब तैयार किया गया है.
मंदिर विकास कार्यों में खर्च होगी चढ़ावे की राशि
मंदिर कमेटी के सचिव पिंटू यादव ने बताया कि बाबा गोरखनाथ मंदिर में सावन माह के दौरान इस बार रिकॉर्ड चढ़ावा प्राप्त हुआ है. उन्होंने कहा कि प्राप्त राशि का उपयोग समिति के पदेन अध्यक्ष और अन्य सदस्यों की सहमति से मंदिर के विकास कार्यों में किया जाएगा.
गिनती में बड़ी संख्या में लोगों ने किया सहयोग
चढ़ावे की गिनती के दौरान सचिव पिंटू यादव, उपाध्यक्ष अक्षय सिंह, कोषाध्यक्ष दिलीप कुमार सिंह, श्यामनाथ यादव, निताई यादव, श्याम अग्रवाल, पंचानंद यादव, पवन अग्रवाल, प्रदीप शर्मा, नारायण बीन, चंदन यादव, देवनारायण नुनिया, राजेश भगत, सुरेश दास, पिंटू साह, विजय साह, गणेश बोसाक, बजरंग चौधरी, संजीव साह, प्रवेश साह, फनी सिंह, प्रशांत सिंह, कार्तिक साह और अन्य लोग मौजूद रहे. इसके अलावा ओमप्रकाश मेहता, रामबिलास शर्मा, बिट्टू सिंह, रत्न दास, सन्नी यादव, फनी दास, राजू घोष, राधाकांत घोष, मिथुन यादव, अंकित यादव, अजीज सिंह, राखल विश्वास, पुरुषोत्तम सिंह, सुदीप्तो घोष, मामू महादेव और लेलहा विश्वास सहित कई गणमान्य लोगों ने राशि की गिनती में सहयोग किया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए