स्केच और खून से सने कपड़ों ने खोला राज! अमदाबाद पुलिस ने 10 दिनों में सुलझाई महिला मर्डर मिस्ट्री, आरोपी गिरफ्तार
आरोपी को गिरफ्तार कर ले जाते पुलिस पदाधिकारी | Prabhat Khabar Network
पश्चिम बंगाल की दो महिलाओं पर हमले के सनसनीखेज मामले को कटिहार पुलिस ने 10 दिनों में सुलझा लिया है. पीड़ित के स्केच, संदिग्ध की मोबाइल लोकेशन और खून से सने कपड़ों ने आरोपी की पहचान में अहम भूमिका निभाई. पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है.
कटिहार. अमदाबाद थाना क्षेत्र के गोविंदपुर बहरसाल दियारा इलाके में 20 अगस्त को हुई एक महिला की हत्या और दूसरी महिला पर जानलेवा हमले की गुत्थी पुलिस ने 10 दिनों के भीतर सुलझाने का दावा किया है. पुलिस ने मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया है. उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तेज धारदार हथियार और खून से सने कपड़े भी बरामद किए गए हैं.
आपके शहर में
पश्चिम बंगाल की दो महिलाएं घास काटने गई थीं दियारा
पुलिस के अनुसार पश्चिम बंगाल के हरिशचंद्रपुर थाना क्षेत्र के दौलतनगर गांव की दो महिलाएं गोविंदपुर बहरसाल दियारा में घास काटने गई थीं. इसी दौरान उन पर एक अज्ञात व्यक्ति ने हमला कर दिया.
थानाध्यक्ष राजन कुमार ने बताया कि 20 अगस्त 2026 की शाम गोविंदपुर बहरसाल स्थित महानंदा नदी कैंप के पश्चिमी तट पर घास काटने गई चांदनी उर्फ चंद्रिका मंडल और रुम्पा मंडल पर हमला किया गया.
एक महिला की मौके पर मौत, दूसरी जान बचाकर भागी
हमले में चांदनी उर्फ चंद्रिका मंडल की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं रुम्पा मंडल किसी तरह जान बचाकर वहां से निकलने में सफल रही. ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को प्राथमिक उपचार दिलाया गया. इसके बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मालदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया.
मृतका की सास के आवेदन पर दर्ज हुआ मामला
मृतका की सास मीणा मंडल के आवेदन पर अमदाबाद थाना में कांड संख्या 252/26 दर्ज किया गया. पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
पुलिस अधीक्षक कटिहार के निर्देश पर मनिहारी के प्रभारी एसडीपीओ आसिफ आलम के नेतृत्व में विशेष जांच टीम यानी एसआईटी का गठन किया गया.
एसआईटी ने स्केच और तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंचने का दावा किया
थानाध्यक्ष ने बताया कि एसआईटी में अमदाबाद थानाध्यक्ष राजन कुमार, अपर थानाध्यक्ष विजय कुमार राम, एसआई दिवाकर सरकार, एसआई रंजीत कुमार और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.
जांच के दौरान घायल महिला के बयान के आधार पर एफएसएल टीम और पश्चिम बंगाल पुलिस के सहयोग से अज्ञात आरोपी का स्केच तैयार कराया गया. पुलिस के अनुसार पीड़िता ने स्केच के आधार पर आरोपी की पहचान की.
इसके बाद स्थानीय चौकीदारों से नाम और पते का सत्यापन कराया गया. अमदाबाद पुलिस ने पश्चिम बंगाल पुलिस के सहयोग से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
मोबाइल लोकेशन से भी मिली जांच में मदद
पुलिस के अनुसार तकनीकी जांच के दौरान वारदात के समय घटनास्थल के आसपास आरोपी के मोबाइल की लोकेशन पाई गई. इसके बाद पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाया.आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त तेज धारदार हसुआ बरामद किया. इसके अलावा खून के दाग लगी गहरे गुलाबी रंग की गोल गला टी-शर्ट और खून के छींटे लगी लुंगी भी बरामद किए जाने का दावा किया गया है.
वैज्ञानिक जांच के आधार पर 10 दिन में मामले का उद्भेदन
पुलिस का कहना है कि पीड़िता के बयान, स्केच, तकनीकी जांच, एफएसएल टीम और पश्चिम बंगाल पुलिस के सहयोग से 10 दिनों के भीतर मामले का उद्भेदन किया गया. इस सनसनीखेज हत्या मामले में त्वरित कार्रवाई और कम समय में आरोपी की गिरफ्तारी के बाद बिहार और पश्चिम बंगाल सीमा क्षेत्र के ग्रामीणों ने अमदाबाद पुलिस की कार्रवाई की सराहना की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए