सेब 250 रुपये किलो, केला 150 रुपये दर्जन पहुंचा, सब्जियों के दाम भी आसमान पर

सेब 250 रुपये किलो, केला 150 रुपये दर्जन पहुंचा, सब्जियों के दाम भी आसमान पर
कोढ़ा, पवित्र रमजान महीने के चलते कोढ़ा प्रखंड क्षेत्र के बाजारों में फलों व सब्जियों के दामों में अचानक तेजी देखने को मिल रही है. रोजेदारों की बढ़ती मांग के कारण बाजार में कई फलों व सब्जियों के दाम काफी बढ़ गए हैं. जिससे आमलोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है. बाजार में सेब की कीमत पहले जहां करीब 150 रुपये प्रति किलो थी, वहीं अब यह बढ़कर 200 से 250 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है. इसी तरह पहले 50 रुपये दर्जन बिकने वाला केला अब 100 से 150 रुपये दर्जन तक पहुंच गया है. नारियल पानी की कीमत भी काफी बढ़ गई है. पहले 50 रुपये प्रति पीस मिलने वाला नारियल पानी अब 120 रुपये प्रति पीस में बिक रहा है. गर्मी के मौसम में अधिक पसंद किए जाने वाला तरबूज भी पहले 40 रुपये किलो बिकता था, जो अब 80 रुपये किलो तक पहुंच गया है. फलों के साथ-साथ सब्जियों के दामों में भी काफी वृद्धि देखी जा रही है. बाजार में कटहल 120 रुपये प्रति किलो, भिंडी 90 रुपये प्रति किलो व परवल 120 रुपये प्रति किलो के भाव से बिक रहा है. सहजन 150 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है. टमाटर भी 60 रुपये प्रति किलो बिक रहा है. जबकि पत्ता गोभी 80 रुपये व फूल गोभी 120 रुपये प्रति किलो तक पहुंच चुकी है. लोगों का कहना है कि रमजान के दौरान रोजेदारों द्वारा इफ्तार में फल व सब्जियों की मांग बढ़ जाती है. व्यापारी भी दाम बढ़ा देते हैं. इससे मध्यम व गरीब वर्ग के लोगों को काफी परेशानी हो रही है. ग्राहकों का कहना है कि प्रशासन को बाजार की निगरानी करनी चाहिए. ताकि जरूरत की चीजों की कीमतें अनावश्यक रूप से न बढ़ें. दुकानदारों का कहना है कि बाहर से आने वाली आपूर्ति कम होने और मांग बढ़ने के कारण कीमतों में बढ़ोतरी हुई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




