अमदाबाद में गंगा का जलस्तर घटने के बाद भी थमी नहीं आफत: सड़कों पर 4 फीट तक तेज बहाव

Updated:
विज्ञापन
WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

कटिहार के अमदाबाद में गंगा का जलस्तर भले ही घटने लगा हो, लेकिन पानी के धीमे उतार के कारण बाढ़ पीड़ितों की मुसीबतें कम नहीं हुई हैं. मुख्य मार्गों पर 3-4 फीट तेज बहाव के कारण आवागमन बाधित है और लोग नावों का सहारा लेने को मजबूर हैं. आधा दर्जन से अधिक पंचायतें अभी भी सैलाब की चपेट में हैं.

विज्ञापन

कटिहार जिले के सीमावर्ती अमदाबाद प्रखंड में गंगा नदी के जलस्तर में गिरावट का रुख जरूर दर्ज किया जा रहा है, लेकिन पानी उतरने की रफ्तार बेहद धीमी होने से बाढ़ पीड़ितों की मुश्किलें जस की तस बनी हुई हैं.

विज्ञापन

सैलाब का पानी घटने के बावजूद मुख्य मार्गों और ग्रामीण सड़कों पर पानी का बहाव अत्यंत तेज है, जिससे कई संपर्क पथ अब भी जलमग्न हैं. सड़कों पर पानी की तेज धार बहने के कारण लोग जान जोखिम में डालने के बजाय नावों का सहारा लेने को विवश हैं.

सड़क पर बहता पानी, नाव से आवागमन करते लोग, बाढ़ के पानी में घिरा हुआ घर | Prabhat Khabar Network
बाढ़ के पानी में घिरा हुआ घर | Prabhat Khabar Network

आधा दर्जन से अधिक पंचायतें अब भी सैलाब की जद में

प्रखंड क्षेत्र की कई प्रमुख पंचायतों में अब भी बाढ़ की विभीषिका साफ देखी जा सकती है.

दुर्गापुर, चौकिया पहाड़पुर, भवानीपुर खट्टी, परदियारा, दक्षिणी करीमुल्लापुर, उत्तरी करीमुल्लापुर तथा लखनपुर पंचायत के गौरीपुर और जमाई पाड़ा सहित दर्जनों टोलों से बाढ़ का पानी अब तक पूरी तरह नहीं निकल पाया है. घरों और आंगनों में कीचड़ व दूषित पानी भरा होने के कारण इन गांवों के हजारों विस्थापित परिवार अभी भी ऊंचे तटबंधों, विद्यालयों और सुरक्षित स्थानों पर प्लास्टिक की पन्नियां तानकर डटे हुए हैं और पानी सूखने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.

सड़क पर बहता पानी, नाव से आवागमन करते लोग, बाढ़ के पानी में घिरा हुआ घर | Prabhat Khabar Network
नाव से आवागमन करते लोग

हरदेव टोला मुख्य मार्ग पर 3 से 4 फीट पानी का तेज बहाव

प्रखंड मुख्यालय को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण संपर्कों की हालत सबसे ज्यादा बदहाल है. मुख्यालय से हरदेव टोला की ओर जाने वाली मुख्य सड़क पर वर्तमान में भी तीन से चार फीट पानी की चादर चल रही है.

सड़क पर पानी का बहाव इतना तीव्र है कि किसी भी प्रकार के दोपहिया या तिपहिया वाहन का गुजरना खतरे से खाली नहीं है. इस पूरे मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो चुका है और प्रशासन व ग्रामीणों द्वारा आवाजाही के लिए नावों का परिचालन किया जा रहा है.

सड़क पर बहता पानी, नाव से आवागमन करते लोग, बाढ़ के पानी में घिरा हुआ घर | Prabhat Khabar Network
नाव से आवागमन करते लोग

छोटा रघुनाथपुर घाट से चल रहीं नावें, इन गांवों की थमी रफ्तार

प्रखंड मुख्यालय सह अमदाबाद नगर पंचायत के वार्ड नंबर 9 स्थित छोटा रघुनाथपुर गांव को वर्तमान में प्रमुख नाव घाट बनाया गया है. यहीं से झब्बु टोला, घेरा गांव, मेघु टोला, युसूफ टोला, सूबेदार टोला और आसपास के अन्य सुदूर गांवों के लिए नावों का परिचालन हो रहा है.

दैनिक उपयोग की सामग्री, राशन, दूध और गंभीर मरीजों को अस्पताल लाने के लिए ग्रामीणों के पास नाव के अतिरिक्त कोई दूसरा विकल्प नहीं बचा है. बाढ़ पीड़ितों ने जिला प्रशासन से प्रभावित इलाकों में ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव, शुद्ध पेयजल और पर्याप्त संख्या में सरकारी नावों की व्यवस्था बनाए रखने की गुहार लगाई है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन