बेतिया के 356 इलाकों की बदलेगी तस्वीर! सड़क-नाला निर्माण पर 70 करोड़ से अधिक खर्च की तैयारी

Updated:
विज्ञापन
WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

बेतिया शहर के विकास कार्यों को गति मिलेगी. नगर निगम ने 7.39 करोड़ की 62 योजनाओं की निविदा जारी की है, जिससे सड़क, नाला और जल निकासी की समस्याओं का समाधान होगा. महापौर गरिमा देवी सिकारिया के अनुसार, कुल 356 योजनाओं पर 70 करोड़ से अधिक खर्च होंगे.

विज्ञापन

बेतिया न्यूज: बेतिया शहर के अलग-अलग वार्डों में अब सड़क, नाला-नाली और जल निकासी की तस्वीर बदलने की तैयारी है. नगर निगम ने बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी 7.39 करोड़ रुपये की 62 योजनाओं की निविदा जारी कर दी है. इन योजनाओं के धरातल पर उतरने के बाद कई मोहल्लों में आवागमन आसान होने के साथ जलजमाव और जल निकासी की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है. महापौर गरिमा देवी सिकारिया के अनुसार, आने वाले समय में 356 योजनाओं के माध्यम से शहर के लगभग सभी वार्डों में विकास कार्यों को गति दी जाएगी.

विज्ञापन

7.39 करोड़ से 62 योजनाओं को मिलेगी रफ्तार

महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि नगर निगम की ओर से जारी 62 योजनाओं की कुल अनुमानित लागत 7,38,64,131 रुपये है. इन योजनाओं में पीसीसी सड़क, लिंक सड़क, नाला-नाली निर्माण, सड़क सुदृढ़ीकरण और जल निकासी से जुड़े कार्य शामिल हैं. अलग-अलग वार्डों की स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए छोटी-बड़ी योजनाओं को इसमें शामिल किया गया है. इन कार्यों का सीधा असर शहर के उन मोहल्लों पर पड़ने की उम्मीद है, जहां सड़क की स्थिति, जल निकासी अथवा नाला-नाली की समस्या के कारण लोगों को रोजमर्रा के आवागमन में परेशानी होती है. खासकर बारिश के दिनों में जलजमाव वाले इलाकों में नाला-नाली निर्माण और जल निकासी से जुड़े कार्य महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं.

पहले 165 और फिर 129 योजनाओं की भी निविदा

महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि 62 योजनाओं से पहले भी नगर निगम की ओर से 165 और 129 सड़क, नाला तथा लिंक रोड निर्माण से जुड़ी योजनाओं की निविदा जारी की जा चुकी है. इन योजनाओं को भी जोड़ दें तो कुल 356 विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है. महापौर के अनुसार, इन योजनाओं का प्रस्ताव एक साल से भी अधिक समय पहले तैयार किया गया था. उनके प्रयास से करीब चार माह पहले नगर निगम बोर्ड ने इन योजनाओं को क्रमवार दोबारा पारित किया. अब निविदा जारी होने के बाद योजनाओं के क्रियान्वयन की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ा है

70 करोड़ से अधिक खर्च होने का अनुमान

महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के प्रायः सभी वार्डों में पीसीसी सड़क, नाला-नाली और अन्य बुनियादी ढांचागत सुविधाओं से जुड़े कार्य कराये जाने हैं. कुल 356 योजनाओं पर 70 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है.

सड़क के साथ नाला-नाली पर भी जोर

महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में विकास योजनाओं का चयन स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर किया गया है. जहां सड़क की जरूरत है, वहां पीसीसी या लिंक सड़क का निर्माण कराया जाएगा, वहीं जल निकासी की समस्या वाले क्षेत्रों में नाला-नाली निर्माण को प्राथमिकता दी जाएगी.

गरिमा देवी सिकारिया बोलीं, वार्डों की जरूरत के अनुसार हो रहा विकास

महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि विकास योजनाओं का लाभ शहर के अधिक से अधिक वार्डों और आम नागरिकों तक पहुंचे. स्थानीय जरूरतों के अनुसार योजनाओं को प्राथमिकता दी गयी है. सड़क, नाला-नाली और जल निकासी जैसी बुनियादी सुविधाएं बेहतर होंगी तो शहर के लोगों को रोजमर्रा की परेशानियों से राहत मिलेगी. महापौर ने कहा कि 356 योजनाओं के माध्यम से नगर निगम क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है. आने वाले समय में इन योजनाओं के क्रियान्वयन से शहरी विकास की रफ्तार और तेज होने की उम्मीद है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन