कैमूर: चैनपुर में शराब तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, दो भाई समेत तीन तस्कर गिरफ्तार
शराब के साथ गिरफ्तार तीनों धंधेबाज | Prabhat Khabar Network
चैनपुर पुलिस ने इस्माइलपुर के पास दो बाइक पर शराब ले जा रहे तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब और बाइक जब्त कर आरोपियों को जेल भेज दिया है।
Kaimur News : कैमूर जिला के चैनपुर थाना क्षेत्र के इस्माइलपुर गांव के समीप पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश से शराब की खेप लेकर आ रहे दो भाइयों समेत तीन धंधेबाजों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके कब्जे से 33.4 लीटर ब्लू लाईम देसी शराब बरामद की है. तस्करी में प्रयुक्त दोनों बाइक भी जब्त कर ली गई हैं.
गुप्त सूचना पर की गई नाकेबंदी
पुलिस को सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश से छीतमपुर के रास्ते इस्माइलपुर होते हुए दो बाइक पर सवार तीन लोग शराब लेकर आने वाले हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इस्माइलपुर के समीप मुख्य सड़क पर नाकेबंदी कर वाहन जांच शुरू कर दी.
भागने की कोशिश, लेकिन पुलिस ने दबोचा
कुछ देर बाद दो अलग-अलग बाइक पर सवार तीन लोग वहां पहुंचे. पुलिस को देखकर उन्होंने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन सशस्त्र बलों की मदद से पुलिस ने तीनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया.
33.4 लीटर शराब और दो बाइक जब्त
तलाशी के दौरान दोनों बाइकों पर बोरे में छिपाकर रखी गई 167 पीस ब्लू लाईम देसी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 33.4 लीटर है. पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त होंडा शाइन और टीवीएस बाइक भी जब्त कर ली.
दो भाई समेत तीनों भेजे गए जेल
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान उत्तर प्रदेश के डीह गुलड़िया गांव निवासी रामनरेश यादव के पुत्र नागेंद्र यादव और संजीत यादव तथा चैनपुर थाना क्षेत्र के अवखरा गांव निवासी विजय शर्मा के पुत्र लक्ष्मी शर्मा के रूप में हुई है. थानाध्यक्ष ने बताया कि तीनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस ने कहा कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










