कैमूर में शराब तस्करों पर पुलिस का एक्शन, 104 लीटर शराब और दो बाइक जब्त
चैनपुर थाना | Prabhat Khabar Network
चैनपुर के हाटा बाजार में पुलिस ने छापेमारी कर 104 लीटर देसी और अंग्रेजी शराब जब्त की। तस्कर मौके से फरार, पुलिस कर रही है मामले की जांच।
Kaimur News : कैमूर जिला के चैनपुर थाना क्षेत्र के हाटा बाजार में गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 104 लीटर देसी और अंग्रेजी शराब बरामद की है. कार्रवाई के दौरान दो बाइक सवार तस्कर पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गए. पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त दोनों बाइक जब्त कर अज्ञात तस्करों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
घेराबंदी देख बाइक छोड़कर भागे तस्कर
पुलिस को सूचना मिली थी कि मेढ़ गांव की ओर से दो अलग-अलग बाइक पर सवार दो व्यक्ति शराब की खेप लेकर हाटा बाजार की ओर आ रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मेढ़ रोड स्थित प्रजापति वाटिका के पश्चिमी गेट के पास घेराबंदी कर दी. पुलिस को देखते ही दोनों तस्कर अपनी-अपनी बाइक छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए.
12 कार्टन से मिली देसी और अंग्रेजी शराब
तलाशी के दौरान पुलिस ने दोनों बाइकों पर रखे बोरों से कुल 12 कार्टन शराब बरामद की. इनमें छह कार्टन ब्लू लाइन देसी शराब और छह कार्टन एट पीएम अंग्रेजी शराब शामिल है. मौके से काले रंग की सुपर स्प्लेंडर और नीले रंग की टीवीएस स्टार सिटी बाइक भी जब्त की गई.
कुल 104 लीटर शराब जब्त
थानाध्यक्ष ने बताया कि छह कार्टन में रखी 270 पीस ब्लू लाइन देसी शराब की कुल मात्रा लगभग 54 लीटर है. वहीं छह कार्टन में रखी 288 पीस एट पीएम अंग्रेजी शराब की मात्रा लगभग 50 लीटर है. इस प्रकार कुल करीब 104 लीटर शराब जब्त की गई है.
फरार तस्करों की तलाश में छापेमारी जारी
पुलिस ने बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है. थानाध्यक्ष ने बताया कि फरार शराब तस्करों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










