चैनपुर के हाटा बाजार के कपड़ा व्यवसायी भाइयों से मारपीट, बकाया मांगने के विवाद में हुई मारपीट

Updated:
विज्ञापन
घायल का इलाज करते चिकित्सक | Prabhat Khabar Network

घायल का इलाज करते चिकित्सक | Prabhat Khabar Network

चैनपुर थाना क्षेत्र के हाटा बाजार में कपड़ा व्यवसायी भाइयों को बकाया रुपये का तगादा करना महंगा पड़ गया. देर शाम हुए विवाद में दोनों भाइयों के साथ मारपीट की गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस जांच कर रही है.

विज्ञापन

चैनपुर थाना क्षेत्र के हाटा बाजार में बकाया रुपये का तगादा करना कपड़ा व्यवसायी दो भाइयों को भारी पड़ गया. शनिवार की देर शाम हुए विवाद में दोनों भाइयों के साथ मारपीट की गई, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों की पहचान हाटा बाजार निवासी स्वर्गीय जमील अहमद के पुत्र महफूज आलम एवं मकसूद आलम के रूप में हुई है. दोनों को परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई.

घायल महफूज आलम ने बताया कि वह हाटा बाजार में "महमूद होलसेल" नाम से कपड़े का व्यवसाय करते हैं. उनके अनुसार उनका माल विभिन्न स्थानों पर भेजा जाता है. उत्तर प्रदेश के चुनार स्थित सिम्मी ड्रीसेज को भी कपड़ा भेजा जाता था, जिसका कार्य हाटा निवासी प्रतिराज धोबी के माध्यम से होता था. प्रतिराज धोबी अपने चुनार स्थित कपड़े की दुकान के लिए भी उनसे माल लेता था.

महफूज आलम के अनुसार करीब एक वर्ष पूर्व प्रतिराज धोबी सिम्मी ड्रीसेज के लिए 74 हजार रुपये का कपड़ा तथा अपने दुकान के लिए 40 हजार रुपये का कपड़ा ले गया था. उन्होंने बताया कि प्रतिराज ने सिम्मी ड्रीसेज की ओर से केवल 10 हजार रुपये का भुगतान किया, जबकि अपने हिस्से के अधिकांश बकाया का भुगतान कर दिया. सिम्मी ड्रेसेज का लगभग 64 हजार रुपये एक वर्ष से बकाया है. कई बार रुपये मांगने पर पहले भुगतान का आश्वासन दिया जाता रहा, लेकिन बाद में धमकी मिलने लगी.

महफूज आलम ने बताया कि शनिवार शाम उन्हें हाटा बाजार स्थित कैलाश केशरी की दुकान पर बुलाया गया. वहां वह अपने भाई मकसूद आलम के साथ पहुंचे थे. आरोप है कि बातचीत के दौरान प्रतिराज धोबी, उसके भाई और अन्य लोगों ने दोनों भाइयों के साथ मारपीट शुरू कर दी. इस दौरान मकसूद आलम के सिर में गंभीर चोट लगी, जबकि बीच-बचाव करने के दौरान महफूज आलम की उंगली दांत से काटकर घायल कर दी गई.

घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है तथा लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


विज्ञापन
Ravishankar Singh

लेखक के बारे में

By Ravishankar Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन