कैमूर: खेत में धान की रोपनी करने जा रही 18 वर्षीय किशोरी से छेड़छाड़ और मारपीट, पीड़िता की मां से भी गाली-गलौज
चैनपुर थाना | Prabhat Khabar Network
चैनपुर में धान रोपनी करने जा रही किशोरी के साथ छेड़छाड़ और मारपीट की घटना। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
Kaimur News: कैमूर (भभुआ) जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र स्थित एक गांव में धान की रोपनी करने जा रही 18 वर्षीय किशोरी के साथ छेड़छाड़ और मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है. घटना के बाद पीड़िता की मां ने चैनपुर थाने में लिखित आवेदन देकर गांव के ही एक मनचले युवक के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है.
विरोध करने पर की मारपीट, शोर मचाने पर भागा आरोपी
थाने में दिए गए आवेदन में पीड़िता की मां ने बताया कि उनकी 18 वर्षीय पुत्री बुधवार को गांव के ही एक किसान के खेत में धान रोपनी के लिए जा रही थी. रास्ते में गांव के पोखरा के पास पहले से घात लगाए बैठे आरोपी युवक ने उसे जबरन पकड़ लिया और उसके साथ छेड़छाड़ व अश्लील हरकत करने लगा.
जब किशोरी ने इसका पुरजोर विरोध किया, तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. किशोरी द्वारा शोर मचाने पर जब उसकी मां दौड़कर मौके पर पहुंची, तो आरोपी युवक जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गया.
आरोपी के घर शिकायत करने गई मां से भी गाली-गलौज
पीड़िता की मां ने बताया कि जब वह घटना की शिकायत लेकर आरोपी युवक के घर पहुंची, तो आरोपी के परिजनों ने उनके साथ भी गाली-गलौज करते हुए दुर्व्यवहार किया. इसके बाद पीड़िता अपनी मां के साथ चैनपुर थाना पहुंची और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई.
इस संबंध में चैनपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़िता की मां द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा छापेमारी की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










