कैमूर में हैवानियत: अधौरा में डायन व भूत-प्रेत के शक में 65 वर्षीय वृद्धा की पीट-पीटकर हत्या, लोहे से दागने का भी आरोप
पोस्टमार्टम के दौरान उपस्थित परिजन | Prabhat Khabar Network
बिहार के भभुआ में अंधविश्वास के चलते 65 वर्षीय महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। जानें पूरी घटना।
Kaimur News: कैमूर (भभुआ) जिले के सुदूर नक्सल प्रभावित अधौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत लेवा गांव में अंधविश्वास और हैवानियत का रोंगटे खड़े कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है. पट्टीदारों ने भूत-प्रेत करने का आरोप लगाकर 65 वर्षीय वृद्ध महिला की लाठी-डंडों व धारदार हथियार से पीट-पीटकर नृशंस हत्या कर दी.
मृतक महिला की पहचान अधौरा थाना क्षेत्र के लेवा गांव निवासी नंदू सिंह की 65 वर्षीया पत्नी मुराही देवी के रूप में हुई है.
घर बुलाकर लोहे से दागा, फिर लाठी-डंडों से ले ली जान
मृतका के बड़े बेटे अवध लाल सिंह ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उनके और पट्टीदारों के बीच लंबे समय से भूत-प्रेत और ओझागुणी को लेकर विवाद चल रहा था. मंगलवार की शाम जब घर के दोनों बेटे बाहर गए हुए थे और मुराही देवी अकेली थीं, तब पट्टीदार महिला लीलावती देवी उन्हें बहला-फुसलाकर अपने घर ले गई.
घर के भीतर बंद कर आरोपियों ने मुराही देवी पर भूत-प्रेत करने का आरोप लगाया. बेटे का आरोप है कि आरोपियों ने दरिंदगी की हदें पार करते हुए पहले लोहे की गर्म छड़ से उसकी मां को कई जगह दागा और फिर लाठी-डंडे व हथियार से पीट-पीटकर उनकी हत्या कर दी.
पुलिस कर रही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और तुरंत पुलिस को सूचित किया गया. परिजनों ने घटना में लीलावती, गुंजा देवी, कबूतरी देवी तथा घर के अन्य सदस्यों को नामजद आरोपी बताया है. सूचना पाकर पहुंची अधौरा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर भभुआ सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया और फिर शव स्वजनों को सौंप दिया.
मामले में अधौरा थानाध्यक्ष अतवेंद्र कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के साथ ही पुलिस की टीम गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. परिजनों से आवेदन प्राप्त कर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है और दोषियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.
Also Read: कैमूर: चांद में शराब सेवन के मामले में तीन गिरफ्तार, पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










