सबार-भभुआ मुख्य पथ पर तीन फीट तक बह रहा बाढ़ का पानी, कई गांवों में बने बाढ़ जैसे हालात

Updated:
विज्ञापन

पांडेयपुर गांव के पास मुख्य सड़क पर चढ़ा पानी | Prabhat Khabar Network

Kaimur News : रामपुर में भारी बारिश से सबार-भभुआ मुख्य पथ पर 3 फीट पानी बह रहा है और सड़क धंस गई है. कई गांवों में बाढ़ जैसे हालात से जनजीवन अस्त-व्यस्त है.

विज्ञापन

Kaimur News : रामपुर प्रखंड क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश और पहाड़ी इलाकों से आ रहे पानी के कारण कई गांवों में बाढ़ जैसे हालात बन गये हैं. नहर का तटबंध टूटने से सबार-भभुआ मुख्य पथ पर पांडेयपुर गांव के समीप दो से तीन फीट तक पानी बह रहा है. सड़क पर पानी ओवरफ्लो होने के कारण आवागमन भी प्रभावित हो गया है. पांडेयपुर, झाली, अमांव सहित कई गांवों के सिवाना में बाढ़ का पानी फैल गया है, जिससे सैकड़ों एकड़ में लगी धान की फसल डूब गयी है.

आपके शहर में

विज्ञापन

25 से 30 घर बाढ़ के पानी से घिरे

पांडेयपुर गांव के सुदर्शन बिंद और श्यामबिहारी बिंद ने बताया कि गांव के करीब 25 से 30 घर पानी से घिर गये हैं. लोग पानी से होकर आने-जाने को मजबूर हैं. कई घरों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर चुका है, जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. मवेशियों को भी सुरक्षित रखने के लिए ऊंचे स्थानों पर बांधा जा रहा है.

चार दिनों से सड़क पर बह रहा पानी

ग्रामीण राकेश कुमार और सुरेश बिंद ने बताया कि सबार-भभुआ मुख्य पथ पर पिछले चार दिनों से बाढ़ का पानी बह रहा है. स्कूल जाने वाले बच्चों के साथ आम लोगों को भी पैदल पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है. ग्रामीणों के अनुसार, पानी निकासी के लिए पहले सड़क में ह्यूम पाइप लगाया गया था, लेकिन कई जगहों पर पाइप बंद हो जाने के कारण पानी की निकासी बाधित है. फिलहाल सिर्फ एक तरफ से पानी निकल रहा है. निकासी नहीं होने के कारण पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर बह रहा है.

झाली विद्यालय में घुसा पानी, दो दिनों से पढ़ाई बंद

बाढ़ का पानी झाली उत्क्रमित मध्य विद्यालय परिसर में भी प्रवेश कर गया है. इसके कारण पिछले दो दिनों से विद्यालय में बच्चों की पढ़ाई-लिखाई बंद है. शिक्षक विद्यालय पहुंचकर अपनी ड्यूटी कर रहे हैं, लेकिन जलजमाव के कारण बच्चों को विद्यालय आने से रोक दिया गया है.

सड़क तीन फीट धंसी, बना बड़ा होल

इधर, सबार-भभुआ मुख्य पथ पर सबार काली मंदिर से पश्चिम दुर्गावती जलाशय नहर वितरणी पुल के पास शुक्रवार सुबह करीब तीन फीट सड़क धंस गयी. सड़क धंसने से वहां बड़ा होल बन गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. स्थानीय लोगों के अनुसार, पहाड़ी इलाके से लगातार पानी आने के कारण पांडेयपुर गांव के दक्षिणी हिस्से में पहले से ही बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं.

सड़क धंसने की तस्वीर
सड़क धंसने की तस्वीर

पानी के बहाव से सड़क के नीचे बनी सुरंग

ग्रामीणों के अनुसार, सड़क के नीचे पानी के तेज बहाव के कारण पहले से ही सुरंग जैसी स्थिति बन रही थी. इसी बीच ओवरलोड ट्रकों के गुजरने के बाद सड़क धंस गयी. ग्रामीणों ने सड़क के नीचे ह्यूम पाइप लगाकर पानी की निकासी कराने और क्षतिग्रस्त सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है.

Also Read : बक्सर ताप विद्युत परियोजना की बड़ी उपलब्धि, यूनिट-2 का 72 घंटे का ट्रायल रन सफल

पानी कम होने के बाद शुरू होगी पढ़ाई

इस संबंध में रामपुर बीडीओ सह प्रभारी बीईओ ऋतुरंजन कुमार ने बताया कि पानी कम होने के बाद विद्यालय में बच्चों की पढ़ाई शुरू करायी जायेगी. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया जा रहा है.

Also Read : गंगा में स्नान के दौरान चक्की प्रखंड का 18 वर्षीय युवक डूबा, छह घंटे तक चला तलाश अभियान

जलजमाव की समस्या का कराया जायेगा समाधान

रामपुर सीओ अनु कुमारी ने बताया कि कर्मचारी को मौके पर भेजकर स्थिति दिखवायी जायेगी. जलजमाव की समस्या क्यों उत्पन्न हुई है और पानी की निकासी के लिए क्या समाधान निकाला जा सकता है, इसकी जानकारी ली जायेगी.

Also Read : 12 सितंबर को व्यवहार न्यायालय में लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, पुराने ई-चालानों पर मिलेगी 50% तक छूट

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन