कैमूर : फर्जी कोर्ट पेपर और किराये के मकान में शादी, लाखों की ठगी कर विदाई से पहले फरार हुई दुल्हन

Updated:
विज्ञापन
शादी करने आये राजस्थानी दूल्हे से लाखों ठग लुटेरी दुल्हन और दलाल हुए फरार

शादी की तस्वीर

Kaimur Luteri Dulhan Gang : कैमूर में शादी के नाम पर एक सनसनीखेज ठगी का मामला सामने आया है. राजस्थान के एक युवक के साथ लाखों रुपये की धोखाधड़ी कर दुल्हन और दलाल फरार हो गए. घटना में नकली कोर्ट मैरिज का नाटक भी रचा गया.

विज्ञापन

Kaimur Luteri Dulhan Gang : राजस्थान से शादी करने के लिए कैमूर आए एक युवक और उसके परिवार से शादी के नाम पर लाखों रुपये की ठगी कर एक युवती सहित दलाल के फरार हो जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. इस मामले में पीड़ित राजस्थान निवासी युवक के बड़े भाई ने बुधवार को भभुआ नगर थाने में पहुंचकर पुलिस से उनके साथ घटित घटना की जानकारी देते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई है. मामले में पीड़ित युवक राजस्थान के बीकानेर जिले के देशनोक निवासी गौतम पिता इन्द्रचंद के बड़े भाई भंवरलाल ने थाने में आवेदन देकर बताया कि परिवार द्वारा उसके भाई के लिए सुयोग्य वधु की तलाश की जा रही थी.

एजेंट ने की पैसों की मांग

इसी दौरान उसकी मुलाकात एक विवाह एजेंट संतोष उर्फ सतीश तिवारी से हुई, तो उसने विश्वास जताते हुए बताया कि वह उसके भाई की शादी कैमूर जिले के करमचट थाना क्षेत्र के भीतरीबांध निवासी जयप्रकाश की बेटी नेहा कुमारी से कानूनी व सामाजिक रीति-रिवाज से करवा देगा. इसके बाद दलाल सतीश तिवारी ने लड़की के परिजनों की माली हालत ठीक नहीं होने का हवाला देते हुए उससे शादी के नाम पर एक लाख रुपये और 1,17,000 रुपये के आभूषण और कीमती सामान के पैसे ले लिए.

शादी का नाटक और जाली अदालती कार्यवाही के बाद हुए फरार

पीड़ित के अनुसार, नकद एक लाख रुपये और 1,17,000 रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान की राशि देने के बाद आरोपी सतीश व अन्य ने 6 जुलाई को शादी कराने की तारीख तय कर दी. इसके बाद तयशुदा कार्यक्रम के अनुसार उनके परिवार के सात सदस्य, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं, वे सभी बताए गए पते पर पहुंचे. जहां आरोपियों ने कानूनन अदालती विवाह का नाटक रचते हुए एक कथित वकील के टेबल पर उन्हें बैठाया.

फर्जी कोर्ट मैरिज का नाटक

जहां स्टांप पेपर, सील-मोहर सहित अन्य अदालती खर्चों का बहाना बनाकर उनसे 5 हजार रुपये ठग लिए गए और आश्वस्त किया गया कि सभी दस्तावेजी कागजात उनके राजस्थान के पते पर भेज दिए जाएंगे. इसके बाद कोर्ट मैरिज कराया गया और फिर अखलासपुर नागा बाबा पोखरा के समीप उनके भाई की शादी कराई गई. लेकिन लड़की की विदाई नहीं की गई और बोला गया कि लड़की अगले दिन भभुआ रोड रेलवे स्टेशन पर राजस्थान जाने के लिए आ जाएगी.

रेलवे स्टेशन पर आकर लड़की हुई फरार

पीड़ित के अनुसार, वह शादी करने के बाद स्थानीय स्तर पर तहकीकात किए और जब वे लोग शादी कराए गए घर अखलासपुर नागा बाबा पोखरा पर पहुंचे तो पता चला कि उक्त मकान किसी और का है. इसके बाद पीड़ित ने दलाल को फोन किया तो उसने बताया कि राजस्थान जाने के क्रम में लड़की भभुआ रोड स्टेशन पहुंच जाएगी.

मोबाइल भी हुआ बंद

वे लोग 7 जुलाई को रेलवे स्टेशन ट्रेन पकड़ने आए तो दलाल द्वारा लड़की और उसके परिजनों को बुलाया गया था, लेकिन लड़की स्टेशन आने के बाद बहाने बना वहां से एक व्यक्ति की बाइक पर बैठकर भाग निकली, तो ट्रेन के आने से पूर्व दलाल सतीश और लड़की के परिजन भी स्टेशन से गायब हो गए. इसके बाद उनके द्वारा दलाल सतीश और दुल्हन बनी नेहा के मोबाइल पर फोन किया गया तो उनका मोबाइल स्विच ऑफ हो चुका था और थोड़ी देर बाद उनके नंबरों को ब्लैक लिस्ट में डाल दिया गया था.

पुलिस ने दिया कार्रवाई का भरोसा

दूसरे राज्य से आकर शादी के नाम पर ठगी के शिकार हुए राजस्थानी युवक और उनके परिजनों को नगर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने कार्रवाई का भरोसा दिया है. बताया कि इस मामले में पुलिस एफआईआर दर्ज करते हुए आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है.

Also Read : कैमूर में अपराध नियंत्रण के लिए चला सुपर पेट्रोलिंग अभियान, पुलिस अधिकारियों को दिया गया सख्त निर्देश



विज्ञापन
Ranjeet Kr Patel

लेखक के बारे में

By Ranjeet Kr Patel

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन