कैमूर में आर्मी जवान की मौत के बाद पांच घंटे तक एनएच जाम, एसपी के आश्वासन पर शांत हुए परिजन और ग्रामीण
दुर्गा चौक पर धरने पर बैठे ग्रामीण | Prabhat Khabar Network
Kaimur News : आर्मी जवान की मौत के मामले में परिजनों और ग्रामीणों ने दुर्गा चौक पर पांच घंटे तक सड़क जाम रखा. एसपी शिखर चौधरी के मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद जाम समाप्त हुआ.
Kaimur News : आर्मी जवान की मौत के मामले को लेकर गुरुवार को परिजनों और ग्रामीणों ने दुर्गा चौक पर सड़क जाम कर दिया. सुबह 11 बजे से लोग "हत्यारों को फांसी दो" के नारे लगाते हुए धरने पर बैठे रहे. करीब पांच घंटे तक तेज धूप और बारिश के बीच जाम लगा रहा. इसके बाद जिले के एसपी शिखर चौधरी के मौके पर पहुंचने और आश्वासन देने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया.
एसपी ने कहा- लापरवाही मिली तो होगी कार्रवाई
दुर्गा चौक पहुंचे एसपी शिखर चौधरी ने मृतक के भाई को समझाते हुए कहा कि वह पूरे मामले पर पारदर्शिता के साथ नजर रख रहे हैं. अगर थानाध्यक्ष या कांड के आईओ की ओर से किसी प्रकार की लापरवाही बरती गई होगी, तो उनके खिलाफ निश्चित तौर पर कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए डीएसपी मोहनिया को निर्देश दिया गया है.
तीन घंटे में तीन आरोपित भेजे गए न्यायिक हिरासत में
एसपी ने कहा कि उनके आदेश पर संबंधित थानाध्यक्ष ने घटना के बाद तीन घंटे के अंदर तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की थी. चौथे आरोपित की तलाश जारी है और उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
उन्होंने कहा कि अगर किसी परिस्थिति में चौथे आरोपित की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो परिजन विश्वास रखें कि सात दिनों के भीतर उसके घर की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई कराई जाएगी.
परिजनों ने जतायी कुछ और लोगों के शामिल होने की आशंका
मृतक के भाई ने एसपी से कहा कि घटना को अंजाम देने में कुछ और लोगों के शामिल होने की आशंका है. इस पर एसपी ने कहा कि विपदा की इस घड़ी में परिवार पहले क्रिया-कर्म की प्रक्रिया पूरी करे. इसके बाद एक-दो दिनों में मुख्यालय आकर उनसे मुलाकात करें. उन्होंने आश्वासन दिया कि घटना में जो भी लोग संलिप्त पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा.
एसपी ने छात्रों के भविष्य का भी दिया हवाला
ग्रामीणों को समझाते हुए एसपी शिखर चौधरी ने कहा कि जाम में कई ऐसे छात्र भी शामिल हैं, जिनकी पढ़ाई चल रही होगी. उन्होंने कहा कि जिस एनएच को ग्रामीणों ने कई घंटों से जाम कर रखा है, उस एनएच से गुजरने वाले किसी व्यक्ति की ओर से प्राथमिकी दर्ज करा दी गई, तो इसमें शामिल लोगों के भविष्य पर संकट आ सकता है.
एसपी ने ग्रामीणों से जाम समाप्त करने की अपील करते हुए कहा कि वह स्वयं इस मामले को देख रहे हैं. कांड में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए