भभुआ में ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान का शुभारंभ, 2 अक्टूबर तक चलेंगी गतिविधियां

Updated:
विज्ञापन

समहाराणालय के सभागार में बैठक करते डीएम

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

भभुआ में 'स्वच्छता ही सेवा 2026' अभियान का धमाकेदार आगाज हो गया है, जो 2 अक्टूबर तक चलेगा. इस बार 'स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत' की थीम पर जोर है. कबाड़ से कला, प्लास्टिक रीसाइक्लिंग मेला और सामूहिक श्रमदान जैसी खास गतिविधियां शामिल हैं.

विज्ञापन

भभुआ समाहरणालय सभागार में गुरुवार को जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ पखवाड़े का शुभारंभ किया गया. स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) एवं लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा. इस वर्ष अभियान की थीम ‘स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ रखी गयी है.

विज्ञापन

शपथ और हस्ताक्षर अभियान

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया. इसके बाद जिला पदाधिकारी सहित मौजूद अधिकारियों और कर्मियों ने स्वच्छता की शपथ ली. जिला जल एवं स्वच्छता समिति की ओर से आयोजित हस्ताक्षर अभियान में भी अधिकारियों और कर्मियों ने भाग लिया और स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जतायी.

कचरा स्थलों का होगा कायाकल्प

बैठक में जिले के सभी प्रखंडों और ग्राम पंचायतों में चिन्हित कचरा स्थलों और ब्लैक स्पॉट की जियो-टैगिंग कर समयबद्ध तरीके से कायाकल्प करने का निर्देश दिया गया. सफाई से पहले और बाद की तस्वीरें स्वच्छता ही सेवा पोर्टल पर अपलोड करने को कहा गया.

विद्यालयों में कक्षा छह से 12वीं तक के विद्यार्थियों और युवाओं को अभियान से जोड़ने के लिए निबंध, पेंटिंग, स्वच्छता संवाद और ज्ञान यात्रा जैसी गतिविधियां आयोजित करने का निर्देश दिया गया. वहीं, 30 सितंबर को सफाईमित्रों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर लगाने, पीपीई किट और सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने तथा उन्हें विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया गया.

कबाड़ से कला और प्लास्टिक रीसाइक्लिंग मेला

बैठक में ‘कबाड़ से जुगाड़’, ‘कबाड़ से कला’ और प्लास्टिक रीसाइक्लिंग मेला आयोजित करने की योजना पर भी चर्चा हुई. एक अक्टूबर को सुबह आठ बजे ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ के तहत सामूहिक श्रमदान किया जायेगा. दो अक्टूबर को विशेष ग्राम सभाओं और नगर निकायों की बैठकों में स्वच्छता सेवा आंकलन एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी.

डीएम ने की सक्रिय भागीदारी की अपील

जिला पदाधिकारी ने जिलेवासियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की. उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व और संस्कार होना चाहिए. उन्होंने ‘मेरा गांव, मेरा शहर, मेरी जिम्मेदारी’ की भावना के साथ अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया.

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी, बीडीओ, स्वच्छता समन्वयक, स्वच्छाग्रही एवं अन्य कर्मी मौजूद रहे.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन