कैमूर: मोहनिया में आज होगी पंचायत समिति की आठवीं बैठक, दो खेमों में बंटे सदस्य; हंगामे के आसार

Updated:
विज्ञापन

मोहनियां में आज पंचायत समिति की आठवीं बैठक आयोजित होगी. भुगतान विवाद के कारण बैठक के हंगामेदार होने के आसार हैं. जानें पूरी खबर विस्तार से.

विज्ञापन

Kaimur News: कैमूर जिले के मोहनियां सदर प्रखंड मुख्यालय स्थित बीआरजीएफ भवन में आज सुबह 11:30 बजे पंचायत समिति की आठवीं बैठक आयोजित होगी. बैठक में 22 विभागों के पदाधिकारियों व कर्मियों के साथ निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है. वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रखंड स्तरीय पंचायत विकास योजना का अनुमोदन और पंचायत व प्रखंड के विकास से जुड़ी जनहित की महत्वपूर्ण योजनाओं का चयन बैठक के प्रमुख एजेंडे में शामिल है. हालांकि, पंचायत समिति सदस्यों के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद के कारण बैठक के हंगामेदार होने के आसार हैं.

भुगतान को लेकर बढ़ी तल्खी

पंचायत समिति की पूर्ण योजनाओं के भुगतान को लेकर प्रमुख और कुछ सदस्यों के बीच तल्खी बढ़ती जा रही है. बताया जाता है कि पूर्ण योजनाओं का भुगतान कार्यपालक पदाधिकारी यानी बीडीओ के डोंगल से किया जा रहा है, जबकि प्रमुख की ओर से अपने डोंगल से भुगतान नहीं किया गया है. इसी मुद्दे को लेकर पंचायत समिति के सदस्यों में नाराजगी है. वर्तमान में प्रमुख व उप प्रमुख समेत कुल 21 पंचायत समिति सदस्य हैं, जिनमें कुछ सदस्य प्रमुख के साथ हैं, जबकि अधिकांश सदस्य विपक्षी खेमे में बताए जा रहे हैं.

हर दो माह में बैठक का प्रावधान

पंचायत राज विभाग अधिनियम की धारा 36 के अनुसार प्रत्येक दो माह के अंतराल पर पंचायत समिति की बैठक बुलाये जाने का प्रावधान है. मोहनियां में अब तक पहली बैठक 10 फरवरी 2022, दूसरी 20 जुलाई 2022, तीसरी 4 नवंबर 2022, चौथी 20 अप्रैल 2023, पांचवीं 21 फरवरी 2024, छठवीं 20 जुलाई 2024 और सातवीं बैठक 17 अप्रैल 2026 को आयोजित हुई थी. अब 7 अगस्त 2026 को आठवीं बैठक होने जा रही है.

सांसद-विधायक समेत 18 मुखिया होंगे शामिल

बैठक में सासाराम संसदीय क्षेत्र के सांसद मनोज कुमार, मोहनियां विधायक संगीता कुमारी, एमएलसी के अलावा प्रमुख व उप प्रमुख समेत 21 पंचायत समिति सदस्यों को आमंत्रित किया गया है. इसके साथ ही प्रखंड की 18 पंचायतों के सभी निर्वाचित मुखिया भी बैठक में शामिल होंगे. बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कई विकास योजनाओं का चयन और विभिन्न मामलों को एजेंडे में शामिल किया गया है.

विकास योजनाओं के बीच विवाद पर नजर

विकास योजनाओं के अनुमोदन के साथ बैठक में पंचायत समिति के भीतर चल रहे विवाद का असर भी दिख सकता है. भुगतान के मुद्दे को लेकर दोनों खेमों के बीच बढ़ती दूरी के कारण सदस्यों के आमने-सामने आने की संभावना है. ऐसे में आज की बैठक में विकास योजनाओं पर फैसले के साथ प्रमुख और पंचायत समिति सदस्यों के बीच चल रही खींचतान पर भी सबकी नजर रहेगी.

Also Read: कैमूर: तेज बारिश से कुदरा का ड्रेनेज सिस्टम ध्वस्त; लालापुर की सड़कें बनीं झील, अंडरपास में घुटना भर पानी से स्टेशन जाने को मजबूर यात्री


विज्ञापन
Vikash Kumar

लेखक के बारे में

By Vikash Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन