कैमूर : झारखंड के पालना डैम में डूबने से नौगढ़ के युवक की मौत
झारखंड का पालना डैम, जहां हुआ हादसा.
झारखंड के पालना डैम में नहाने के दौरान नौगढ़ निवासी युवक की डूबने से मौत हो गयी. अंकुर पटना के निजी पुस्तकालय में मैनेजर था और दोस्तों के साथ घूमने गया था.
झारखंड के सरायकेला (खरसावां) जिला क्षेत्र के चौका थाना अंतर्गत स्थित पालना डैम में डूबने से स्थानीय थाना क्षेत्र की जैतपुर कला पंचायत के मीरगंज-धरचोली (नौगढ़) गांव निवासी एक युवक की मौत हो गयी. मृत नागेंद्र सिंह का 32 वर्षीय पुत्र अंकुर कुमार सिंह था. यह घटना बीते रविवार की शाम करीब छह बजे की है.
दोस्तों के साथ घूमने गया था पालन डैम
अंकुर पटना के एक निजी पुस्तकालय का मैनेजर था, जो कि दोस्तों के साथ मौज-मस्ती करने के लिए पालना डैम गया था. इस दौरान वह और उसके साथी पालना जलाशय में नहाने लगे. इसी क्रम में वह नहाते-नहाते कुछ आगे बढ़ गया और गहरे पानी में डूब गया. यह घटना देख उसके दोस्तों ने चीखना-चिल्लाना शुरू कर दिया, जिनकी आवाज सुनकर कुछ स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे और जलाशय में गोता लगाकर उसकी तलाश करने लगे. इस दौरान दोस्तों द्वारा बताये गये लोकेशन के आधार पर गोताखोर जबतक डूबे हुए युवक को निकालते, तब तक काफी देर हो चुकी थी.
दोस्तों ने मोबाइल से दी परिजनों को सूचना
युवक को खुबसूरत और खतरनाक जलाशय से बाहर निकालने के बाद स्थानीय गोताखोरों और उसके साथियों ने उसे समतल भूमि पर लेटाकर उसे कृत्रिम सांस देने के साथ-साथ उसका छाती दबाकर उसमें आक्सीजन बहाल करने की हरसंभव कोशिश की, मगर उसकी धड़कनें बंद हो चुकी थी. इस घटना के बाद मृतक के दोस्तों ने फोन के माध्यम से मृतक के घरवालों को इसकी सूचना दी, तो घर में रोना-धोना शुरू हो गया. स्वजन आनन-फानन में चारपहिया वाहन से घटना स्थल की ओर प्रस्थान कर गए. उधर स्थानीय पुलिस डेड बॉडी को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गयी.
पटना में निजी पुस्तकालय में मैनेजर था अंकुर
अंकुर इकलौती औलाद था, जिसके दो छोटे-छोटे बेटे हैं. वह पटना के एक निजी पुस्तकालय में मैनेजर था. उसने प्रेम विवाह किया था. इस घटना के बाद उसकी बीवी और बच्चों का रो-रो कर हाल बदहाल हो गया है, वहीं इकलौते चिराग के इस दुनिया को छोड़ जाने से उसके मां-बाप को भी काफी गहरा सदमा पहुंचा है. अंकुर छोटे चाचा लखन कुमार सिंह उर्फ लाखन ने फोन के माध्यम से बताया कि अंकुर को तैरना नहीं आता था, यदि तैरना आता तो उसकी जान बच सकती थी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए