किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने में जुटा प्रशासन, विधायक ने नहरों की सफाई को लेकर अफसरों को दिए सख्त निर्देश

Updated:
विज्ञापन

सिंचाई विभाग के अधिकारियों संग बैठक करते विधायक | Prabhat Khabar Network

रामगढ़ विधायक सतीश यादव ने कर्मनाशा में सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर नहरों की सफाई और सिंचाई व्यवस्था को दुरुस्त करने का निर्देश दिया.

विज्ञापन

Kaimur News: जिले के दुर्गावती प्रखंड के कर्मनाशा स्थित सिंचाई विभाग के डाक बंगले में गुरुवार को रामगढ़ विधायक सतीश यादव उर्फ पिंटू ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की. उन्होंने किसानों के खेतों तक टेल तक पानी पहुंचाने के लिए नहरों और माइनरों की जल्द से जल्द सफाई कराने का निर्देश दिया. बैठक में सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता, मैकेनिकल के कार्यपालक अभियंता, दोनों सिविल कार्यपालक अभियंता समेत सभी एसडीओ और जेई मौजूद रहे.

आपके शहर में

विज्ञापन

टेल तक पानी पहुंचाने पर जोर

विधायक ने कहा कि नहरों की सफाई के लिए फिलहाल एक जेसीबी लगायी गयी है. उन्होंने लरमा पंप कैनाल की मुख्य नहर और कुल्हड़िया माइनर के अंतिम टेल की ओर दो जेसीबी लगाकर एक साथ सफाई कराने का निर्देश दिया.

ककरैत पंप कैनाल की मुख्य नहर और सभी वितरणियों में जहां अंतिम टेल की ओर थोड़ी सफाई बाकी है, उसे भी पूरा कराने को कहा. विशेष रूप से वितरणी संख्या दो में डुमरी नर्सरी से दुर्गावती-ककरैत पथ तक तथा कर्मनाशा मुख्य नहर में पिपरी पुल से जीटी रोड तक सफाई कराने का निर्देश दिया.

सड़क पर मिट्टी गिरने से रोकने का निर्देश

ढड़हर पंप कैनाल के पास करीब 160 मीटर तक नहर का बैंक बारिश के दौरान कटकर सड़क पर आ जाता है. इससे कान्हपुर के लोगों को आवागमन में परेशानी होती है. विधायक ने यहां पिचिंग कराने का निर्देश दिया, ताकि मिट्टी का कटाव रोककर सड़क को सुरक्षित रखा जा सके.

खराब फाटक जल्द ठीक कराने को कहा

विधायक ने उत्तर प्रदेश से बेन हेड के जरिये कर्मनाशा मुख्य नहर में आने वाले पानी की लगातार निगरानी करने को कहा. मुसाखाड़ बांध के दो सुलीस फाटकों में से खराब एक फाटक को ठीक कराने के लिए उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग से समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया.

उन्होंने ढड़हर, लरमा, विश्वकर्मा (ककरैत), तियरा, जैतपुर और बहुआरा पंप कैनाल की सभी नहरों व वितरणियों का लगातार निरीक्षण करने को कहा. गारा चौबे नहर और करहगर राजबाहा से किसानों को सुचारू रूप से पानी उपलब्ध कराने को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिये.

92 करोड़ की योजना पर भी हुई समीक्षा

बैठक में जमानियां गंगा जल उद्भव योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गयी. विधायक ने कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया. ककरैत पंप कैनाल की मुख्य नहर और वितरणियों के आरसीसी निर्माण के लिए डीपीआर तैयार करने को कहा गया.

विधायक ने बताया कि 92 करोड़ रुपये की कर्मनाशा मुख्य नहर पक्कीकरण योजना के संवेदक के डिबार होने के बाद विभाग की ओर से फोरक्लोजर रिपोर्ट भेज दी गयी है. उन्होंने जल्द फोरक्लोजर एग्रीमेंट पूरा कर नये सिरे से डीपीआर तैयार कराने और दोबारा टेंडर की प्रक्रिया शुरू करने को कहा, ताकि बची करीब 38 करोड़ रुपये की राशि से शेष कार्य पूरा कराया जा सके. बैठक में शशिकांत यादव, पारसनाथ राम, अवधेश सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे.

Also Read: कैमूर: कुदरा के अंकित तिवारी बने ड्रग्स इंस्पेक्टर, UPSC में सफलता से कैमूर का बढ़ाया मान


विज्ञापन
Mainuudin Sah

लेखक के बारे में

By Mainuudin Sah

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन