नुआंव के राम-जानकी मंदिर में तीन बेटियों का हुआ विवाह

Author :VIKASH KUMAR
Published by :VIKASH KUMAR
Updated at :13 May 2026 4:57 PM
विज्ञापन
नुआंव के राम-जानकी मंदिर में तीन बेटियों का हुआ विवाह

KAIMUR NEWS.समाज में बढ़ती दिखावे की प्रवृत्ति और महंगे विवाह समारोहों के बीच नुआंव बाजार स्थित अति प्राचीन राम जानकी मंदिर में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह ने लोगों को सकारात्मक और प्रेरणादायी संदेश दिया.

विज्ञापन

नुआंव.

समाज में बढ़ती दिखावे की प्रवृत्ति और महंगे विवाह समारोहों के बीच नुआंव बाजार स्थित अति प्राचीन राम जानकी मंदिर में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह ने लोगों को सकारात्मक और प्रेरणादायी संदेश दिया. मंगलवार की रात मंदिर प्रांगण में तीन कन्याओं का निःशुल्क विवाह पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ संपन्न कराया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन एमएलसी जीवन कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया.मंदिर परिसर में दूसरी बार आयोजित इस सामूहिक विवाह समारोह में तीन अलग-अलग गांवों के जोड़ों ने सात फेरे लिये. पहली जोड़ी में पजराव गांव के अजय कुमार और दुमदुमा गांव की आदिति परिणय सूत्र में बंधे. दूसरी शादी यूपी के गाजीपुर जिले के पटखनी गांव निवासी राकेश यादव और कारीराम गांव की अंशिका कुमारी की हुई. वहीं तीसरी जोड़ी के रूप में केकड़ा रूपपुर निवासी रोहित कुमार और बघिनी गांव की रूमी कुमारी ने एक-दूसरे का हाथ थामा. समारोह के मुख्य आयोजक विकास जायसवाल और जयप्रकाश जायसवाल रहे, जिन्होंने अपने व्यक्तिगत खर्च से गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह की जिम्मेदारी उठायी. कार्यक्रम में पहुंचे समाजसेवियों, बुद्धिजीवियों और ग्रामीणों ने भी चंदा देकर आयोजन में सहयोग किया. मंदिर परिसर में लगाये गये तीन अलग-अलग मंडपों में विधिवत विवाह संपन्न होने के दौरान पूरा वातावरण भक्ति और उत्साह से सराबोर रहा. लोगों को संबोधित करते हुए एमएलसी जीवन कुमार ने कहा कि इस प्रकार का सामूहिक विवाह समाज के लिए आदर्श पहल है. इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राहत मिलती है और समाज में आपसी सहयोग व भाईचारे की भावना मजबूत होती है. उन्होंने कहा कि सामाजिक लोगों को ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिये.

सरोवर की नीलामी पर उठे सवाल

समारोह के दौरान ग्रामीणों ने मंदिर के सामने स्थित सरोवर का मुद्दा भी उठाया. ग्रामीणों ने बताया कि कभी इस सरोवर के पानी का विशेष धार्मिक महत्व था और लोग मन्नत पूरी होने पर मछलियों को सोने की नथनी पहनाकर तालाब में जीवनदान देते थे. उन्होंने आरोप लगाया कि अब मत्स्य विभाग द्वारा सरोवर की नीलामी कर आस्था स्थल के सामने मांस व्यवसाय कराया जा रहा है, जो उचित नहीं है. ग्रामीणों ने कहा कि यदि विभाग को राजस्व चाहिए तो मंदिर समिति राशि देने को तैयार है, लेकिन सरोवर में कारोबार नहीं होना चाहिए. इस पर एमएलसी ने मंदिर समिति से आवेदन देने को कहा और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया.कार्यक्रम में गायक गजेंद्र यादव, राजू गुप्ता व उनके साथियों ने भक्ति और विवाह गीतों की प्रस्तुति देकर लोगों का मन मोह लिया. समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे. मौके पर मुखिया प्रतिनिधि द्वारिका प्रसाद, लल्लन पांडे, शैलेंद्र जायसवाल, आशीष जायसवाल, मुन्ना जायसवाल, अजय जायसवाल, हिमांशु जायसवाल, अभिषेक सिंह, मयंक कुमार, राकेश कुमार, राहुल कुमार, अभिषेक जायसवाल, राजेश वर्मा सहित कई लोग उपस्थित रहे.

विज्ञापन
VIKASH KUMAR

लेखक के बारे में

By VIKASH KUMAR

VIKASH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन