कैमूर: नेउरा में मारपीट और फायरिंग मामले में पुलिस की कार्रवाई, मुख्य आरोपी गिरफ्तार; अन्य की तलाश जारी

Updated:
विज्ञापन

मारपीट एवं फायरिंग मामले में गिरफ्तार आरोपी | Prabhat Khabar Network

चैनपुर के नेउरा गांव में हुई मारपीट और फायरिंग मामले में पुलिस ने दुलही गांव के नचकू सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

विज्ञापन

Kaimur News : कैमूर जिला के चैनपुर थाना क्षेत्र के नेउरा गांव में 11 जून की रात हुई मारपीट और फायरिंग के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर चांद थाना क्षेत्र के दुलही गांव में छापेमारी कर नचकू सिंह को पकड़ा. गिरफ्तारी के बाद मेडिकल जांच कराकर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी कर रही है.

गुप्त सूचना पर दुलही गांव में छापेमारी

पुलिस के अनुसार, नेउरा गांव में हुई घटना के बाद मामले की जांच चल रही थी. इसी दौरान आरोपी के दुलही गांव में मौजूद होने की सूचना मिली. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर नचकू सिंह को गिरफ्तार कर लिया. वह दुलही गांव निवासी बाढ़ू सिंह का पुत्र बताया जाता है.

अखिलेश के बयान पर दर्ज हुई थी प्राथमिकी

थानाध्यक्ष ने बताया कि 11 जून की रात हुई घटना को लेकर नेउरा गांव निवासी शिवशंकर शर्मा के पुत्र अखिलेश कुमार के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. प्राथमिकी में अखिलेश ने बताया था कि रात करीब आठ बजे वह गांव के राधे गोंड के दरवाजे पर खाट पर बैठा था. इसी दौरान दुलही गांव निवासी नचकू सिंह वहां पहुंचा और उसके पिता का नाम पूछा.

नाम बताने के बाद थप्पड़ मारने का आरोप

अखिलेश के अनुसार, पिता का नाम बताने के बाद नचकू सिंह ने उसे थप्पड़ मार दिया. इसके बाद कुछ देर में आने की बात कहकर वहां से चला गया. प्राथमिकी के अनुसार, करीब आधे घंटे बाद वह दोबारा कई लोगों के साथ मौके पर पहुंचा.

चार-पांच लोगों पर मारपीट और फायरिंग का आरोप

अखिलेश ने प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि करीब साढ़े आठ बजे नचकू सिंह, रिंटू सिंह, बबलू सिंह समेत चार-पांच अज्ञात लोग बुलेट मोटरसाइकिल और हुंडई कार से वहां पहुंचे. आरोप है कि सभी ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी. इसी दौरान जान से मारने की नीयत से दो से तीन राउंड फायरिंग किये जाने का भी आरोप लगाया गया है.

छिपकर बचायी जान, अन्य आरोपियों की तलाश

अखिलेश ने पुलिस को बताया कि फायरिंग के दौरान उसने छिपकर अपनी जान बचायी. मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. गिरफ्तार नचकू सिंह को मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.


विज्ञापन
Ravishankar Singh

लेखक के बारे में

By Ravishankar Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन