कैमूर: निर्माणाधीन कंपनी में 5 टन तार गिरने से युवक की दर्दनाक मौत, मुआवजे को लेकर लोगों का विरोध प्रदर्शन
घटनास्थल पर जुटी ग्रामीणों की भारी भीड़
Kaimur News: कैमूर के मोहनिया थाना क्षेत्र के भिट्टी गांव में एक निर्माणाधीन कंपनी में काम के दौरान 5 टन वजनी तार का बंडल गिरने से मजदूर अशोक रजक की दर्दनाक मौत हो गई. इस घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे और नौकरी की मांग को लेकर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया, जिसे बाद में पुलिस ने समझा-बुझाकर हटवाया.
कैमूर से विनोद कुमार सिंह की रिपोर्ट:
Kaimur News: बिहार के कैमूर जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है. मोहनिया शहर के स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत भिट्टी गांव के पास एक निर्माणाधीन कंपनी में कार्य के दौरान एक मजदूर की मौत हो गई. मृतक की पहचान जिले के नाटी गांव निवासी स्वर्गीय हरिवंश रजक के पुत्र अशोक़ रजक के रूप में हुई है. इस हादसे के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
जेसीबी से तार उठाने के दौरान टूटा पट्टा, मौके पर ही मौत
मिली जानकारी के अनुसार, अशोक रजक भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम के क्षेत्रीय विपणन केंद्र स्थापना परियोजना में कार्यरत थे. यह परियोजना जिले के सेवा निकेतन स्कूल के पास संचालित हो रही है. रविवार को सुबह लगभग 10:30 बजे अशोक रजक कंपनी के मुंशी राजू द्विवेदी के साथ जेसीबी मशीन की सहायता से लगभग 5 टन वजनी तार को उठा रहे थे. इसी दौरान तार को पकड़ने वाली पट्टी (पट्टा) अचानक टूट गई और भारी-भरकम तार सीधे अशोक रजक के ऊपर गिर गया. हादसा इतना भयावह था कि 5 टन के वजन के नीचे दबने से मौके पर ही मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई.
मुआवजे और नौकरी की मांग को लेकर 1 घंटे तक सड़क जाम
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण, कंपनी के अन्य मजदूर और मृतक के परिजन बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए. हादसे से नाराज लोगों ने सुरक्षा मानकों में लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, इस दौरान सड़क एक घंटे तक जाम रहा. प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए, परिवार के एक सदस्य को सरकारी या कंपनी में नौकरी मिले और इस हादसे के जिम्मेदार लोगों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए.
पुलिस ने समझा-बुझाकर खुलवाया जाम, जांच जारी
हंगामे और सड़क जाम की स्थिति को देखते हुए स्थानीय पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया. मोहनिया थाना अध्यक्ष अलोक कुमार ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों और पीड़ित परिजनों से बातचीत की. उन्होंने उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाकर लोगों को समझाया-बुझाया, जिसके बाद सड़क जाम समाप्त कराया जा सका.
स्थानीय लोगों ने बताया कि अशोक रजक अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे. उनकी मौत के बाद अब परिवार के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है. इस संबंध में मोहनिया थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि हादसे में एक मजदूर की मौत हुई है. जिसके शव को कब्जे में लेकर आगे की करवाई की जा रही है.
Also Read: कैमूर में स्कॉर्पियो से घायल युवक को सड़क किनारे फेंककर भागे बदमाश, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सूर्यकांत कुमार
सूर्यकांत कुमार तीन वर्षों से हिंदी डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. स्थानीय और हाइपरलोकल पत्रकारिता में विशेष अनुभव रखते हैं. कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर का भी व्यावहारिक अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत एक डिजिटल न्यूज चैनल से की और विभिन्न डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कार्य करते हुए समाचार लेखन और डिजिटल कंटेंट प्रोडक्शन का अनुभव हासिल किया है. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










