कैमूर में हाईवे पर अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में 3 की मौत, आधा दर्जन घायल

Updated:
विज्ञापन

घटनास्थल पर जुटे लोग

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

दुर्गावती थाना क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस के दिन हुए अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई और आधा दर्जन लोग घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

विज्ञापन

Kaimur Accident News : कैमूर जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस के दिन शनिवार को अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों ने इलाके को झकझोर कर रख दिया. चिपली, डिड़खिली टोल प्लाजा, कुल्हड़ियां और कर्मनाशा के पास हुई दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गयी, जबकि करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गये. लगातार हादसों के बाद कई जगहों पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.

विज्ञापन

चिपली के पास कार और ट्रक की भीषण टक्कर

पहली घटना दुर्गावती थाना क्षेत्र के चिपली गांव के समीप एनएच-19 पर शनिवार को हुई. श्रद्धालुओं से भरी कार की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गयी. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में दो लोगों की मौत हो गयी, जबकि तीन अन्य घायल हो गये.

देवघर और काशी से लौट रहे थे श्रद्धालु

बताया गया कि कार सवार लोग देवघर और काशी विश्वनाथ का दर्शन कर अपने घर लौट रहे थे. हादसे में अरवल जिले के अभिषेक कुमार और रंजीत कुमार की मौत हो गयी. दुर्घटना की खबर मिलते ही परिजनों में मातम पसर गया.

डिड़खिली टोल प्लाजा पर ट्रेलर-टेंपो की टक्कर

दूसरी दुर्गावती सड़क दुर्घटना शनिवार रात डिड़खिली टोल प्लाजा के समीप हुई. यहां मार्बल लदे ट्रेलर और टेंपो के बीच जोरदार टक्कर हो गयी. टक्कर के बाद टेंपो ट्रेलर के नीचे फंस गया. हादसे में टेंपो सवार अक्षय कुमार की मौत हो गयी, जबकि मन्नू खरवार और बृजेश बिंद घायल हो गये.

घटनास्थल पर जुटे लोग | Prabhat Khabar Network
घटनास्थल पर जुटे लोग | Prabhat Khabar Network

तीन क्रेन से ढाई घंटे बाद निकला टेंपो

हादसे के बाद टेंपो को ट्रेलर के नीचे से निकालने में करीब ढाई घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी. तीन क्रेन की मदद से टेंपो को बाहर निकाला गया. इसके बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. गंभीर रूप से घायल मन्नू खरवार को बेहतर इलाज के लिए बीएचयू, वाराणसी रेफर किया गया है.

कुल्हड़ियां के पास स्कूटी और वाहन की टक्कर

तीसरी घटना कुल्हड़ियां गांव के समीप हुई. यहां एक वाहन और स्कूटी के बीच जोरदार टक्कर हो गयी. हादसे में स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा.

कर्मनाशा के पास ट्रेलर हुआ दुर्घटनाग्रस्त

कर्मनाशा के समीप भी एक ट्रेलर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस हादसे में दो लोगों के घायल होने की सूचना है. दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. पुलिस घटनाओं से जुड़ी जानकारी जुटा रही है.

लगातार सड़क हादसों से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

दुर्गावती थाना क्षेत्र में एक ही दिन अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों और तीन लोगों की मौत से लोगों की चिंता बढ़ गयी है. एनएच-19 पर तेज रफ्तार वाहनों और भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के बीच हो रही दुर्घटनाओं ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिये हैं.

तेज रफ्तार पर रोक लगाने की मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर वाहनों की तेज रफ्तार और भारी वाहनों की आवाजाही के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है. लोगों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है. पुलिस की ओर से हादसों के कारणों की जांच की जा रही है.


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन