कैमूर दुर्गावती में करंट की चपेट में आने से किसान की मौत, मोटर चालू करते वक्त हुआ हादसा

दुर्गावती थाना क्षेत्र के खजुरा गांव में मोटर स्टार्ट करते समय करंट लगने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Kaimur Farmer : कैमूर जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र में मंगलवार की शाम दर्दनाक हादसा हो गया. खेत में सिंचाई के लिए मोटर चालू करने पहुंचे किसान की करंट की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई.
मृतक किसान की पहचान लालचंद राम के रूप में हुई है, जो यूपी के चंदौली जिले के कंदवा थाना क्षेत्र स्थित चारी गांव के रहने वाले थे.
मामला दुर्गावती थाना क्षेत्र के खजुरा गांव के सिवान की है. लालचंद राम खजुरा गांव के एक किसान का खेत अधिया पर लेकर खेती कर रहे थे.
मोटर चालू करते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, लालचंद राम रोज की तरह मंगलवार को भी अपने खेत में पटवन के लिए गए थे. उनका खेत कर्मनाशा नदी के उस पार पड़ता है. शाम के समय वे नदी पार कर खजुरा सिवान स्थित अपने खेत में पहुंचे और पानी चलाने के लिए चेंबर पर गए.
जैसे ही उन्होंने मोटर स्टार्ट करने के लिए एमसीबी पर हाथ रखा, वे अचानक तेज करंट की चपेट में आ गए. करंट इतना जोरदार था कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
घर नहीं लौटे तो परिजनों को हुई चिंता
शाम ढलने के बाद भी जब लालचंद राम घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता होने लगी. इसके बाद परिवार के लोग उनकी तलाश में खेत की ओर निकले. जब वे चेंबर के पास पहुंचे तो वहां का मंजर देखकर सन्न रह गए.
लालचंद राम जमीन पर गिरे पड़े थे और उनकी मौत हो चुकी थी. यह खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.
गांव में मचा कोहराम
घटना की सूचना मिलते ही चारी गांव के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए. हर कोई इस हादसे से स्तब्ध था. ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी.
लोगों का कहना है कि अगर बिजली व्यवस्था सुरक्षित होती तो शायद यह हादसा टल सकता था. इस घटना ने एक बार फिर खेतों में बिजली से जुड़े जोखिमों को उजागर कर दिया है.
पुलिस ने शव को भेजा पोस्टमार्टम के लिए
सूचना मिलते ही दुर्गावती थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
लालचंद राम की अचानक मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. खेती के सहारे घर चलाने वाले इस किसान की मौत ने परिजनों को गहरे संकट में डाल दिया है. गांव के लोग भी इस घटना से बेहद दुखी हैं और परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










