कैमूर: दुर्गावती प्रखंड में स्वतंत्रता दिवस पर स्कूलों में दिखा देशभक्ति का रंग, सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गुलजार रहा क्षेत्र
दुर्गावती प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. आरबीएस पब्लिक स्कूल, किंग्वे टेक्निकल इंस्टीट्यूट और बीपीएस पब्लिक स्कूल के छात्रों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिन्होंने सभी का मन मोह लिया.
Kaimur Independence Day: दुर्गावती प्रखंड क्षेत्र के कुल्हड़िया और यूपी-बिहार बॉर्डर पर नौबतपुर स्थित शिक्षण संस्थानों में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया. आरबीएस पब्लिक स्कूल कुल्हड़िया, किंग्वे टेक्निकल इंस्टीट्यूट बीएड कॉलेज और बीपीएस पब्लिक स्कूल नौबतपुर में ध्वजारोहण के बाद छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत किए.
आरबीएस पब्लिक स्कूल में रंगारंग कार्यक्रम
आरबीएस पब्लिक स्कूल कुल्हड़िया में विद्यालय के संस्थापक ओम प्रकाश सिंह ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी. इसके बाद राष्ट्रगान की प्रस्तुति हुई. विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया.
संस्था के डायरेक्टर कुमार गौरव ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान की याद दिलाता है. उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, ईमानदारी, मेहनत, संस्कार और राष्ट्रप्रेम को अपनाने का आह्वान किया.
मुख्य अतिथि ओम प्रकाश सिंह ने स्वतंत्रता सेनानियों और देश के वीर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि देश की प्रगति में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है. उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन और अच्छे संस्कारों के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया. चेयर पर्सन चंपा देवी ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा प्रदान करने का स्थान नहीं, बल्कि भावी पीढ़ी के चरित्र एवं व्यक्तित्व निर्माण का केंद्र भी है. प्रधानाचार्या शैलजा त्रिपाठी ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने और असफलताओं से सीख लेकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया.
सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों ने विभिन्न नाटक प्रस्तुत किए. देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति से पूरा माहौल देशभक्ति से सराबोर हो गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता शैलजा त्रिपाठी ने की. इस अवसर पर सभी शिक्षक एवं सैकड़ों छात्र उपस्थित रहे.
किंग्वे टेक्निकल इंस्टीट्यूट में संविधान और पर्यावरण पर नाटक
किंग्वे टेक्निकल इंस्टीट्यूट बीएड कॉलेज, कुल्हड़िया के प्रांगण में भी स्वतंत्रता दिवस पर भव्य रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किया गया. संस्थान के चेयरमैन सह बक्सर सांसद सुधाकर सिंह ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी. इसके बाद दीप प्रज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रम का उद्घाटन किया.
सांसद सुधाकर सिंह ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि देश को आजादी आसानी से नहीं मिली. असंख्य वीरों ने अपने जीवन का बलिदान दिया. उन्होंने छात्र-छात्राओं से अच्छे विचार, सकारात्मक सोच, अनुशासन और संस्कार अपनाने की अपील की. वरीय शिक्षक विनोद कुमार ने भी स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए देश के वीर शहीदों को नमन किया.
सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत बीएड एवं डीएलएड की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना पर प्रस्तुत नृत्य से हुई. इसके बाद छात्राओं ने संविधान में दिए गए मौलिक अधिकारों पर आधारित नाटक प्रस्तुत किया. डीएलएड के छात्रों ने सामाजिक विषय पर तथा बीएड के छात्रों ने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित नाटक का मंचन किया.
पर्यावरण संरक्षण पर आधारित नाटक के माध्यम से पेड़ों की कटाई और उसके कारण पर्यावरण एवं दैनिक जीवन पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को दर्शाया गया. कार्यक्रम के अंत में वरीय शिक्षक बिनोद कुमार सिंह ने अतिथियों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया. इस अवसर पर संतोष शुक्ला, वीरेंद्र सिंह, अमितेश कुमार गौरव, नवीन कुमार सिन्हा, चंद्र शेखर तिवारी, सुरेंद्र यादव सहित अन्य शिक्षक, कर्मी, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे.
बीपीएस पब्लिक स्कूल नौबतपुर में बच्चों ने दी मनमोहक प्रस्तुति
यूपी-बिहार बॉर्डर पर नौबतपुर स्थित बीपीएस पब्लिक स्कूल में भी स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया. विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. पीके सिंह ने ध्वजारोहण किया. इसके बाद बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए.
विद्यार्थियों ने देशभक्ति, योग, पिरामिड और राजस्थानी सहित कई कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति दी. विद्यालय के मैनेजर अमित दुबे ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि कठिन परिश्रम ही सफलता की कुंजी है. उन्होंने विद्यार्थियों को समय और मेहनत का महत्व समझाया. विद्यालय के निदेशक रुचिर सिंह ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. प्रधानाचार्य डॉ. पीके सिंह ने कहा कि विद्यालय के बच्चों की शारीरिक और बौद्धिक क्षमता बेहतर है और सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों में उनकी प्रस्तुतियां प्रभावशाली रहती हैं.
कार्यक्रम की तैयारी और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी कोऑर्डिनेटर दीपमाला और उनकी टीम ने संभाली. काव्या, अदिति, फलक और सृष्टि ने भी बच्चों को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. धन्यवाद ज्ञापन प्रधानाचार्य डॉ. पीके सिंह ने किया और संचालन राणा मुखर्जी ने किया. इस अवसर पर धीरज सिंह, तनुजा राय, दीपमाला राज, अमित कुमार, आशीष कुमार, सुशील कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










