कैमूर के दो सरकारी स्कूलों में लापरवाही उजागर, जांच में जर्जर भवन और फंड खर्च पर उठे सवाल

Author Raju kumar|Edited by Vivek Singh
Updated:
विज्ञापन
दियरी विद्यालय का निरीक्षण करते लेखापाल | Prabhat Khabar Network

दियरी विद्यालय का निरीक्षण करते लेखापाल | Prabhat Khabar Network

रामपुर के दो स्कूलों में लेखापाल के निरीक्षण के दौरान भारी अनियमितता और लापरवाही सामने आई है। जर्जर भवन और पढ़ाई में कोताही पर कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है।

विज्ञापन

Kaimur News : कैमूर जिले के रामपुर प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय दियरी और नवसृजित प्राथमिक विद्यालय लाखनडाही में निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं. प्रखंड के लेखापाल हिमांशु शेखर पाण्डेय द्वारा किए गए अनुश्रवण में विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था, भवन की स्थिति और सरकारी राशि के उपयोग पर सवाल खड़े हुए हैं. रिपोर्ट विभाग के उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है.

एक लाख रुपये खर्च, फिर भी नहीं हुआ मरम्मत कार्य

लेखापाल ने बताया कि उत्क्रमित मध्य विद्यालय दियरी को कम्पोजिट ग्रांट मद से 50 हजार रुपये और मरम्मत मद से 50 हजार रुपये उपलब्ध कराए गए थे. विभागीय अभिलेखों के अनुसार राशि की निकासी भी हो चुकी है, लेकिन निरीक्षण में संबंधित कार्य नहीं मिला. विद्यालय भवन जर्जर अवस्था में पाया गया.

टूटे शौचालय, खिड़कियां और बिखरा फर्नीचर

निरीक्षण के दौरान विद्यालय में शौचालय, खिड़कियां और दरवाजे क्षतिग्रस्त मिले. फर्नीचर अस्त-व्यस्त पड़ा था और कई वर्षों से भवन में रंग-रोगन नहीं कराया गया था. जबकि विभाग हर वर्ष रखरखाव और मरम्मत के लिए राशि उपलब्ध कराता है.

कक्षा छोड़ परिसर और सड़क पर घूमते मिले बच्चे

जांच के दौरान कई छात्र कक्षा में पढ़ाई करने के बजाय विद्यालय परिसर और बाहर सड़क पर घूमते मिले. रिपोर्ट में इसे विद्यालय में अनुशासन और शैक्षणिक व्यवस्था की गंभीर कमी बताया गया है.

दूसरे स्कूल में भी मिली अनियमितता

दोपहर करीब 1:25 बजे नवसृजित प्राथमिक विद्यालय लाखनडाही का भी निरीक्षण किया गया. यहां सभी शिक्षक उपस्थित थे, लेकिन समय-सारणी का पालन नहीं हो रहा था. मध्याह्न भोजन का निर्धारित समय होने के बावजूद बच्चे कक्षाओं में नहीं थे और परिसर व सड़क पर घूमते मिले.

रिपोर्ट भेजी गई, विभाग करेगा कार्रवाई

लेखापाल हिमांशु शेखर पाण्डेय ने दोनों विद्यालयों में पाई गई कमियों और अनियमितताओं का विस्तृत उल्लेख अपनी रिपोर्ट में किया है. रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है. विभागीय स्तर पर रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है.


विज्ञापन
Raju Kumar

लेखक के बारे में

By Raju Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन