जहानाबाद में रुपये छीनने का विरोध करने पर महिला के सिर पर ईंट से वार, घायल
काको में रुपये छीनने का विरोध करने पर एक महिला के सिर पर ईंट से वार कर घायल कर दिया गया। आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लिया, महिला का अस्पताल में इलाज जारी है।
Jehanabad News : जहानाबाद जिले के काको थाना क्षेत्र के सरस्वती मोड़ के समीप रविवार की शाम रुपये छीनने का विरोध करने पर एक महिला के सिर पर ईंट से वार कर घायल करने का मामला सामने आया है. घायल महिला की पहचान काको निवासी स्वर्गीय सुरेश चौधरी की पत्नी तेतरी देवी के रूप में हुई है. वह गोइठा बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करती हैं.
रुपये छीनने का किया प्रयास
स्थानीय लोगों के अनुसार, तेतरी देवी रविवार की शाम सरस्वती मोड़ के समीप थीं. इसी दौरान महेश यादव नामक व्यक्ति ने उनसे रुपये छीनने का प्रयास किया. महिला ने इसका विरोध किया, तो आरोपित ने ईंट से उनके सिर पर वार कर दिया. सिर में गंभीर चोट लगने के बाद महिला जमीन पर गिर पड़ीं और खून निकलने लगा.
स्थानीय लोगों ने आरोपित को पकड़ा
घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने आरोपित को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित को हिरासत में ले लिया. वहीं, घायल तेतरी देवी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया.
नशे की हालत में था हिरासत में लिया गया व्यक्ति
थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि हिरासत में लिया गया व्यक्ति नशे की हालत में था. उन्होंने कहा कि घटना को लेकर अभी तक महिला या उनके परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है. आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच की जायेगी और जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए