सेवा संकल्प अभियान के लिए भाजपा की कार्यशाला, बूथ स्तर तक कार्यक्रम कराने का लिया संकल्प
आयोजित कार्यशाला मे शामिल भाजपा कार्यकर्त्ता | Prabhat Khabar Network
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर भाजपा 'सेवा संकल्प अभियान' चला रही है. इस अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जन-जन तक सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यों को पहुंचाया जाएगा.
Jehanabad News : जहानाबाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने के लिए रविवार को भाजपा मखदुमपुर (टेहटा) मंडल की कार्यशाला आयोजित की गयी. टेहटा बाजार स्थित कम्युनिटी हॉल में आयोजित कार्यशाला की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष रंजीत कुमार ने की. मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार एवं युवा मोर्चा के जिला महामंत्री मुकेश कुमार उपस्थित रहे.
सेवा और सुशासन की उपलब्धियां जन-जन तक पहुंचाने पर जोर
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विनोद कुमार और मुकेश कुमार ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित यह अभियान उनके सेवा, सुशासन, समर्पण एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है.
वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, सुशासन, पारदर्शिता और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण के लिए जाने जाते हैं. 'देश प्रथम, जनसेवा सर्वोपरि' की भावना के साथ कार्य करते हुए प्रधानमंत्री ने देश के विकास को नयी दिशा दी है.
गरीब कल्याण और महिला सशक्तीकरण का किया उल्लेख
किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, गरीब कल्याण, महिला सशक्तीकरण, आत्मनिर्भरता तथा वैश्विक स्तर पर देश की प्रतिष्ठा बढ़ाने के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं. उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान महज एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा भाव और विकसित भारत के संकल्प को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने वाला व्यापक जनअभियान है.
घर-घर और मंदिरों में होगा दीपोत्सव
युवा मोर्चा के जिला महामंत्री मुकेश कुमार ने बताया कि अभियान के तहत 17 सितंबर को घर-घर एवं मंदिरों में दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा. अभियान के दौरान कुल 13 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इन कार्यक्रमों को बूथ एवं पंचायत स्तर तक प्रभावी ढंग से संपन्न कराया जाएगा.
उन्होंने कार्यकर्ताओं से सभी कार्यक्रमों को निष्ठा, अनुशासन और उत्साह के साथ आयोजित कर अभियान को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने का आह्वान किया.
कार्यकर्ताओं ने लिया सामूहिक संकल्प
कार्यशाला में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे. कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने सेवा संकल्प अभियान के सभी कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से आयोजित कर अभियान को सफल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए