जहानाबाद: मखदुमपुर में किसान विजय यादव की गोली मारकर हत्या, बेटे की हत्या मामले में गवाही से पहले वारदात

Author Ramesh kumar|Edited by Nikhil Anurag
Updated:
विज्ञापन
घटना के बाद रोते विलखते परिजन | Prabhat Khabar Network

घटना के बाद रोते विलखते परिजन

मखदुमपुर के परसौना गांव में गवाही देने जा रहे किसान की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी. पुलिस ने 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की.

विज्ञापन

Jehanabad Crime: पर्यटन थाना वाणावर क्षेत्र के परसौना गांव निवासी किसान विजय यादव की सोमवार देर शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई. डकरा मोड़ के समीप घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक के पुत्र के बयान पर स्थानीय थाने में 10 नामजद और दो अज्ञात आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.

घटना की सूचना मिलते ही वाणावर थानाध्यक्ष फूलचंद कुमार यादव और एसडीपीओ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है.

आटा पिसाकर लौट रहे थे पिता-पुत्र

परिजनों के अनुसार, विजय यादव सोमवार की शाम अपने पुत्र अमरनाथ यादव के साथ गेहूं पिसाकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे. जैसे ही वे डकरा मोड़ के समीप पहुंचे, पहले से घात लगाए छह मोटरसाइकिलों पर सवार अपराधियों ने उनकी बाइक को घेर लिया और जबरन रोक दिया.

मृतक के पुत्र अमरनाथ यादव ने बताया कि बाइक रुकते ही अपराधियों ने उनके साथ मारपीट की और हथियार निकालकर जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद वह जान बचाने के लिए वहां से भागकर पइन में छिप गए. इसी दौरान अपराधियों ने विजय यादव को पकड़ लिया और उनकी गर्दन में सटाकर गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

दहशत फैलाने के लिए की हवाई फायरिंग

परिजनों के अनुसार, हत्या के बाद सभी आरोपी इलाके में दहशत फैलाने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए. घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए. वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

गवाही रोकने के लिए की गई हत्या

मृतक के पुत्र अमरनाथ यादव ने आरोप लगाया है कि उनके पिता की हत्या गवाही रोकने के लिए की गई है. उन्होंने बताया कि आगामी 6 तारीख को उनके बड़े भाई लोकनाथ यादव की हत्या के मामले में विजय यादव की गवाही होनी थी. गवाही से ठीक पहले अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम देकर उन्हें हमेशा के लिए खामोश कर दिया.

एक वर्ष में एक ही परिवार के दो लोगों की हत्या

परसौना गांव में जमीनी विवाद ने एक ही परिवार के दो लोगों की जान ले ली है. चार जनवरी 2025 को विजय यादव के पुत्र लोकनाथ यादव की घर में घुसकर हत्या कर दी गई थी. परिवार अभी उस सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि अब विजय यादव की हत्या ने पूरे परिवार को गहरे शोक और दहशत में डाल दिया है.

परिजनों ने बताया कि दोनों घटनाओं के पीछे पुराना जमीनी विवाद है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.

10 नामजद और दो अज्ञात पर प्राथमिकी

मृतक के पुत्र के बयान पर स्थानीय थाने में 10 नामजद और दो अज्ञात आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. मंगलवार को वाणावर थानाध्यक्ष फूलचंद कुमार यादव ने बताया कि पुलिस ने आरोपितों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.


विज्ञापन
Ramesh Kumar

लेखक के बारे में

By Ramesh Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन