बारिश के बाद एक ही दिन में गिरा सात डिग्री तापमान

Published by :AMLESH PRASAD
Published at :30 Apr 2026 11:02 PM (IST)
विज्ञापन
बारिश के बाद एक ही दिन में गिरा सात डिग्री तापमान

जिले में मौसम ने ऐसा मिजाज बदला कि एक ही दिन में तापमान में सात डिग्री सेंटीग्रेड की कमी आ गयी.

विज्ञापन

जहानाबाद. जिले में मौसम ने ऐसा मिजाज बदला कि एक ही दिन में तापमान में सात डिग्री सेंटीग्रेड की कमी आ गयी. जिले में बुधवार की रात तेज आंधी के बाद से रुक-रुक कर बारिश हो रही है जिससे भीषण गर्मी झेल रहे लोगों को बड़ी राहत मिली है. मंगलवार को जहां जिले का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेंटीग्रेड था, वहीं बारिश के बाद गुरुवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेंटीग्रेड पर आ गया. जबकि रविवार तक जिले में सूर्य देव आसमान से आग उगल रहे थे. रविवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेंटीग्रेड था. जिले के न्यूनतम तापमान में भी कमी दर्ज की गई है. मंगलवार को जहां जिले का न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेंटीग्रेड था, वहीं गुरुवार को न्यूनतम तापमान गिरकर 23 डिग्री सेंटीग्रेड पर आ गया. जिले में बारिश के बाद तापमान में कमी आने और हिट वेब रुकने से लोगों को बड़ी राहत मिली है. बुधवार की रात के बाद गुरुवार को भी दोपहर में बारिश हुई जिससे मौसम सुहाना हो गया है. जिले में शुक्रवार को भी मौसम के कमोबेश ऐसे ही बने रहने की संभावना है. इस सप्ताह तक तापमान में ज्यादा उलट फेर नहीं होगा. इस सप्ताह तापमान एक दो डिग्री ऊपर नीचे हो सकता है. गुरुवार को पुरवा हवा चलने के साथ साथ तापमान में कमी और दिन में बदली भी छाई थी. अपराह्न में बारिश भी हुई जिससे लोगों को बड़ी राहत मिली. जिले के लोगों ने खुशनुमा मौसम का आनंद उठाया. तीन दिन पहले लोग गर्मी से हो रहे थे हलकान : जिले में तीन दिन पहले भीषण गर्मी महसूस की जा रही थी. रविवार और उससे पहले गर्मी अपने पूरे शबाब पर थी तापमान 42 डिग्री सेंटीग्रेड से ऊपर चला गया था. न्यूनतम तापमान भी 30 डिग्री या उससे ऊपर रिकॉर्ड किया जा रहा था. भीषण गर्मी के कारण लोग त्राहिमाम कर रहे थे. दिन में लोगों को घरों में कैद रहना पड़ रहा था. दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता था. सुबह के 10 बजते ही जिले का तापमान 40 डिग्री सेंटीग्रेड पर पहुंच जाता था. भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने वर्ग 5 तक के स्कूल का संचालन अपराह्न 11:30 तक ही रखने का निर्णय लिया था, छुट्टी होने पर स्कूल से लौटते वक्त बच्चे भीषण गर्मी से हलकान हो जाते थे. अब तापमान में कमी आने से लोगों को राहत मिली है।

इस साल समय से पहले ही सताने लगी गर्मी : इस साल गर्मी ने पिछले सालों के मुकाबले पहले ही दस्तक दे दी. अप्रैल माह के पहले सप्ताह में ही 40 डिग्री सेंटीग्रेड को छू लिया था, उसके बाद अप्रैल महीने में ही तीसरे सप्ताह तक तापमान 42 डिग्री सेंटीग्रेट पार कर गया था. तीन दिन पहले तक लोग गर्मी से त्राहिमाम करते दिख रहे थे. कहीं भी इससे राहत मिलती नहीं दिख रही थी. दोपहर में लोगों के लिए घर से निकलना मुश्किल हो रहा था. तापमान में सात डिग्री सेंटीग्रेड की कमी आने और हिट बेव थमने से जिले के लोगों को बड़ी राहत मिली है.

सब्जियों के उत्पादन में होगी वृद्धि : बारिश के बीच जिले में पुरवाई हवा चलना जारी है. इस बीच अगर और बारिश हो जाती है तो जिले में सब्जियों के उत्पादन में वृद्धि होने की संभावना है. हिट वेब से सब्जियों की लताएं सूखने लगीं थीं, उसे जिंदा रखने के लिए किसानों को पटवन करना पड़ रहा था. इसके बावजूद हिट वेब के दौरान खेत में डाला गया पानी तुरंत सूख जाता है. पुरवाई हवा चलने से ही किसानों को राहत मिल जाती है. पुरवाई हवा चलने पर खेतों में डाला गया पानी कई दिनों तक बरकरार रहता है. बाजारों में भी दिखी चहल पहल लगातार भीषण गर्मी और हीट वेव के कारण घर में छुपे हुए लोग गुरुवार को दिन में भी बाजारों में खरीदारी करते हुए देखे गये. दिन के तापमान में कमी आने, पुरवाई हवा चलने बादली छाने और बीच में बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली तो वे खुद ब खुद घरों से बाहर निकल पड़े जिसके कारण गुरुवार को दिन में भी बाजार में चहल-पहल देखी गयी जिससे शहर के दुकानदारों के चेहरे पर भी रौनक नजर आयी. इससे पहले भीषण गर्मी के कारण दिन में दुकानों पर ग्राहकों का टोटा लगा रहता था.

विज्ञापन
AMLESH PRASAD

लेखक के बारे में

By AMLESH PRASAD

AMLESH PRASAD is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन